1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. Video: दोस्त की शादी में DJ पर डांस करते-करते युवक की मौत, लड़खड़ाकर गिरा तो लोग समझे मजाक कर रहा है

Video: दोस्त की शादी में DJ पर डांस करते-करते युवक की मौत, लड़खड़ाकर गिरा तो लोग समझे मजाक कर रहा है

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Apr 08, 2026 01:43 pm IST,  Updated : Apr 08, 2026 02:01 pm IST

चंद्रपुर जिले में शादी का समारोह अचानक मातम में बदल गया। दोस्त की शादी में डांस कर रहे युवक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।

डांस करते हुए युवक की मौत- India TV Hindi
डांस करते हुए युवक की मौत Image Source : REPORTER

चंद्रपुर: महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना में सामने आई है, जहां खुशियों का माहौल कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। गोंडपीपरी तहसील क्षेत्र के फुर्डीहेटी गांव में दोस्त की शादी में शामिल 25 वर्षीय युवक की डांस करते-करते अचानक मौत हो गई। मृतक की पहचान अल्पेश दहागावकर के रूप में हुई।

डांस करते हुए युवक गिरा तो लोगों को लगा मजाक कर रहा है

बताया जा रहा है कि शादी समारोह में DJ की धुन पर सभी लोग जश्न में डूबे हुए थे और अल्पेश भी जोश के साथ नाच रहा था, लेकिन इसी दौरान अचानक वह जमीन पर गिर पड़ा। शुरुआत में लोगों को लगा कि वह मजाक कर रहा है या थककर बैठ गया है लेकिन जब काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो हड़कंप मच गया।

हार्ट अटैक से हुई मौत

परिजन और दोस्तों ने उसे तुरंत गोंडपिपरी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हार्ट अटैक से मौत की वजह बताई जा रही है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि मृत्यु का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। 

यहां देखें वीडियो

इस दर्दनाक घटना ने शादी की खुशियों को पल भर में गम में बदल दिया। जिस जगह पर कुछ देर पहले DJ की धुन पर लोग झूम रहे थे। वहीं मौत हो गई। अब पूरे गांव में सन्नाटा और शोक का माहौल है। इस बीच, पुलिस ने इस घटना के संबंध में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है।  

कम उम्र में दिल का दौरा क्यों पड़ता है?

कम उम्र में दिल का दौरा पड़ने की दर में काफी बढ़ोतरी हुई है। इसके पीछे कई कारण हैं। बदलती जीवनशैली, जिसमें जंक फूड, कोल्ड ड्रिंक्स और तली-भुनी चीज़ों का सेवन शामिल है। इसके साथ ही खाने में ज़्यादा नमक और चीनी का इस्तेमाल, दिल का दौरा पड़ने का कारण बन सकते हैं। इसके अलावा, शराब और सिगरेट की लत भी कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा) का एक बड़ा कारण है। करियर से जुड़ा तनाव, नींद की कमी, बहुत ज़्यादा शारीरिक मेहनत और आनुवंशिक कारण भी दिल का दौरा पड़ने की वजह बन सकते हैं।  

रिपोर्ट- मिलिंद दिंन्डेवार, चंद्रपुर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।