मिजोरम में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके मद्देनजर तैयारियों का जायजा लेने के लिए निर्वाचन आयोग का एक दल मंगलवार से मिजोरम का दौरा करेगा। यात्रा कार्यक्रम की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने बताया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे व अरुण गोयल 29 अगस्त से 31 अगस्त तक आइजोल में रहेंगे।
Related Stories
आयोग ने छत्तीसगढ़ का दौरा किया
चुनावी कार्यक्रमों की घोषणा से पहले निर्वाचन आयोग के लिए चुनावी राज्यों का दौरा करना सामान्य बात है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मिजोरम और राजस्थान में विधानसभा चुनाव अक्टूबर और नवंबर में होने की संभावना है। आयोग ने पिछले सप्ताह छत्तीसगढ़ का दौरा किया था, ताकि वहां की चुनावी तैयारियों की जानकारी ली जा सके।
मिजोरम की सत्ता में मिजो नेशनल फ्रंट
मिजोरम विधानसभा का कार्यकाल इस साल 17 दिसंबर को समाप्त हो रहा है। पूर्वोत्तर के इस राज्य में मिजो नेशनल फ्रंट सत्ता में है। तेलंगाना, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की विधानसभाओं का कार्यकाल अगले साल जनवरी में अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है। तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति (BRS) सत्ता में है, जबकि मध्य प्रदेश में बीजेपी की सरकार है। छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस की सरकारें हैं।