1. Hindi News
  2. नॉर्थ ईस्ट
  3. असम
  4. असम कोयला खदान हादसे में एक और मजदूर का शव बरामद, रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी; CM ने जताया शोक

असम कोयला खदान हादसे में एक और मजदूर का शव बरामद, रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी; CM ने जताया शोक

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jan 11, 2025 12:51 pm IST,  Updated : Jan 11, 2025 12:51 pm IST

असम के कोयला खदान में फंसे 9 मजदूरों में से दो का शव बरामद हो गया है। इसमें से एक मजदूर का शव बुधवार को जबकि दूसरे मजदूर का शव शनिवार को बरामद हुआ।

एक और मजदूर का शव बरामद।- India TV Hindi
एक और मजदूर का शव बरामद। Image Source : PTI

गुवाहाटी: असम के दीमा हसाओ जिले में कोयला खदान में फंसे एक और मजदूर का शव बरामद हुआ है। शनिवार को बचाव अभियान के दौरान मजदूर का शव बरामद किया गया। एक अधिकारी ने बताया कि अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं। पहला शव बुधवार को खदान से निकाला गया था। दोनों मजदूर उन नौ मजदूरों में शामिल थे जो सोमवार को उमरंगसो स्थित खदान में अचानक पानी भर जाने के कारण फंस गए थे। एक अधिकारी ने बताया, "बचाव अभियान आज सुबह फिर से शुरू हुआ और फंसे हुए मजदूरों की तलाश के छठे दिन एक और शव बरामद किया गया। नेपाल के रहने वाले एक मजदूर का शव पहले ही बरामद किया जा चुका है।" 

मृतक की हुई पहचान

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि बचाव अभियान 'अटूट संकल्प' के साथ जारी है और मृतकों की पहचान कर ली गई है। अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान 27 वर्षीय लिजेन मगर के रूप में हुई है, जो दीमा हसाओ के कलामाटी के एक गांव से है। उन्होंने बताया कि सेना और एनडीआरएफ के गोताखोर जब मजदूर को बाहर निकालने गए तो मगर का शव खदान में भरे हुए पानी में तैरता हुआ मिला। मुख्यमंत्री ने कहा, "उमरंगसो में बचाव कार्य निरंतर जारी है। दुखद बात यह है कि आज सुबह एक और शव बरामद किया गया।" उन्होंने कहा, "हमारी संवेदनाएं शोक संतप्त लोगों के साथ हैं।" 

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

अधिकारी ने बताया कि ओएनजीसी और कोल इंडिया द्वारा लाई गई विशेष मशीनों से 340 फीट गहरी खदान से पानी निकालने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने दावा किया था कि यह खदान 12 वर्ष पहले बंद कर दी गई थी और तीन वर्ष पहले तक यह असम खनिज विकास निगम के अधीन थी। शर्मा ने शुक्रवार रात को कहा, "यह कोई अवैध खदान नहीं थी, बल्कि इसे बंद कर दिया था। उस दिन मजदूर पहली बार कोयला निकालने के लिए खदान में घुसे थे।" 

मामले की जांच जारी

उन्होंने बताया कि मजदूरों के मुखिया को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभियान पर शर्मा ने कहा कि गुरुवार से पानी निकालने का काम जारी है और अब तक सात मीटर पानी निकाला जा चुका है। उन्होंने बताया, ‘‘चार गड्ढों में पानी 26 मीटर तक भर गया है। अगर गड्ढों से पानी निकाल दिया जाए तो हम कुछ नतीजे की उम्मीद कर सकते हैं।" शर्मा ने कहा कि नागपुर से एक और मशीन मंगाई गई है और शनिवार सुबह से इसका संचालन शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि यह ठीक काम करेगी तो उम्मीद है कि शाम तक पानी निकाल लिया जाएगा। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

नई आफत! रहस्यमयी बीमारी से टकले हो रहे लोग, दशहत में 11 गांव; मचा हड़कंप

बड़ी खबर! AAP विधायक की गोली लगने से हुई मौत, जांच में जुटी पुलिस

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Assam से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें नॉर्थ ईस्ट