1. Hindi News
  2. नॉर्थ ईस्ट
  3. मिज़ोरम
  4. 78 साल का इंतजार खत्म, रेल मैप पर उपस्थिति दर्ज कराएगा आइजोल, पीएम मोदी 13 सितंबर को करेंगे उद्घाटन

78 साल का इंतजार खत्म, रेल मैप पर उपस्थिति दर्ज कराएगा आइजोल, पीएम मोदी 13 सितंबर को करेंगे उद्घाटन

 Published : Aug 23, 2025 01:29 pm IST,  Updated : Aug 23, 2025 01:29 pm IST

आखिरकार वह तारीख आ ही गई जिसका लंबे अर्से से मिजोरम के लोगों को इंतजार था। 13 सितंबर को आईजोल देश के रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा।

Mizoram, rail - India TV Hindi
बैराबी-सैरंग रेलवे लाइन, पीएम मोदी Image Source : PTI

आइजोल: आजादी के बाद पहली बार मिजोरम में रेल सेवा शुरू होने जा रही है। मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 सितंबर को बैराबी-सैरंग रेलवे लाइन का उद्घाटन करेंगे। इस रेलवे लाइन के उद्धघाटन के साथ ही आइजोल रेलवे मानचित्र पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में सफल हो जाएगा। सैरंग राजधानी आइजोल  के निकट स्थित है। 

राजधानी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों दौड़ेंगी

लालदुहोमा ने शुक्रवार को आइजोल में मिजोरम पुलिस सेवा संघ (एमपीएसए) के एक सम्मेलन में यह घोषणा की। प्रधानमंत्री मोदी 12 सितंबर को आइजोल पहुंचेंगे और यहां रात्रि विश्राम करेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले दिन यानी 13 सितंबर को मोदी नई रेलवे लाइन का उद्घाटन करेंगे। लालदुहोमा ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री के दौरे के संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सैरंग रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधा केंद्र में स्थापित किया जाएगा और राजधानी ट्रेन सेवाएं चलाई जाएंगी। 

आइजोल को सिलचर से जोड़ेगी यह लाइन

अधिकारियों के मुताबिक, 51.38 किलोमीटर लंबी यह रेलवे लाइन परियोजना केंद्र की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य पूर्वोत्तर में संपर्क और आर्थिक एकीकरण को बढ़ावा देना है। नई रेलवे लाइन आइजोल को असम के सिलचर शहर और देश के बाकी हिस्सों से जोड़ेगी, जिससे मिजोरम पूरी तरह से देश के रेलवे मानचित्र में शामिल हो जाएगा। इंजीनियर इस रेलवे लाइन को एक अद्भुत उपलब्धि बता रहे हैं क्योंकि इस खंड में 12. 8 किलोमीटर तक फैली 48 सुरंगें, 55 बड़े पुल और 87 छोटे पुल शामिल हैं। पुल संख्या 196 की ऊंचाई 104 मीटर है, जो कुतुब मीनार से भी ऊंचा है। 

आईआरसीटीसी और मिजोरम सरकार के बीच समझौता

आइजोल के लिए ट्रेन सेवाएं जल्द ही शुरू होने वाली हैं, इस बीच भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मिजोरम सरकार के साथ एक समझौता किया है। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (एनएफआर) के मुताबिक दो साल के अनुबंध पर इस महीने की शुरुआत में हस्ताक्षर किए गए थे।इसमें कहा गया है कि बैराबी-सैरांग नयी रेलवे लाइन परियोजना के पूरा होने के साथ, आइजोल रेलवे नेटवर्क से जुड़ जाएगा, जिससे यात्रा और आर्थिक अवसरों में काफी वृद्धि होगी। 

क्यूरेटेड यात्रा पैकेज

बयान में कहा गया है कि एक बार चालू हो जाने पर रेलवे सेवाएं आइजोल से कुछ ही दूरी पर स्थित सैरांग तक विस्तारित हो जाएंगी, जिससे पहाड़ी राज्य तक पहुंच में काफी सुधार होगा। इसके मद्देनजर आईआरसीटीसी ने राज्य सरकार के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। समझौते के तहत, आईआरसीटीसी विपणन एजेंसी के रूप में कार्य करेगी, जबकि मिजोरम पर्यटन लॉज सहित पर्यटन बुनियादी ढांचे तक पहुंच प्रदान करेगा और ‘क्यूरेटेड यात्रा पैकेज’ तैयार करने के लिए आईआरसीटीसी के साथ काम करेगा। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Mizoram से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें नॉर्थ ईस्ट