1. Hindi News
  2. नॉर्थ ईस्ट
  3. असम
  4. बांग्लादेश के 15 नागरिकों को किया गया निर्वासित, सीएम हिमंत विश्व शर्मा ने किया ट्वीट

बांग्लादेश के 15 नागरिकों को किया गया निर्वासित, सीएम हिमंत विश्व शर्मा ने किया ट्वीट

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Mar 19, 2025 06:48 am IST,  Updated : Mar 19, 2025 06:54 am IST

असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि बांग्लादेश के कुल 15 नागरिकों को निर्वासित कर दिया गया है। अवैध घुसपैठ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।

CM Himanta Biswa Sarma tweeted 15 citizens of Bangladesh were deported- India TV Hindi
सीएम हिमंत बिस्वा सरमा Image Source : PTI

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को कहा कि बांग्लादेश के कुल 15 नागरिकों को निर्वासित कर दिया गया है। शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अवैध घुसपैठ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। भारत-बांग्लादेश सीमा पर अपनी कड़ी निगरानी जारी रखते हुए श्रीभूमि जिला पुलिस ने बांग्लादेश के दो नागरिकों को पकड़ा और उन्हें वापस भेज दिया।’’ असम के श्रीभूमि, कछार, धुबरी और दक्षिण सलमारा-मनकाचर जिले बांग्लादेश के साथ 267.5 किलोमीटर तक अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करते हैं। शर्मा ने बताया कि विदेशी नागरिकों की पहचान इरफान खान और नूरुल अफसर के रूप में हुई। उन्होंने कहा, ‘‘असम पुलिस द्वारा यह सख्त निगरानी जारी रहेगी।’’ 

असम के सीएम ने किया पोस्ट

असम के मुख्यमंत्री ने बाद में एक और पोस्ट में कहा कि बांग्लादेश के 13 और नागरिकों को सुतारकंडी के रास्ते निर्वासित किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘हम अवैध घुसपैठ पर दृढ़ रुख अपनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’ श्रीभूमि के सुतारकंडी में एक एकीकृत चौकी (आईसीपी) है, पूर्वोत्तर में भारत-बांग्लादेश सीमा पर कुल तीन आईसीपी हैं और दो अन्य मेघालय के दावकी तथा त्रिपुरा के अखौरा में हैं। इस क्षेत्र में भारत-भूटान सीमा पर असम के दर्रांगा में एक और आईसीपी है। असम पुलिस ने पहले कहा था कि पिछले वर्ष बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के बाद पड़ोसी देश से गैर भारतीय नागरिकों के यहां प्रवेश करने के किसी भी प्रयास को रोकने के मकसद से राज्य बल और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) हर संभव प्रयास कर रहा है।

बांग्लादेशी घुसपैठियों पर हो रही कार्रवाई

इससे पूर्व असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बताया कि भारतीय क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में बांग्लादेश के छह नागरिकों को राज्य की पुलिस ने पकड़ा और उन्हें पड़ोसी देश के प्राधिकारियों को सौंप दिया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच X पर पोस्ट किया, ‘‘असम में अवैध घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है। घुसपैठ के प्रयास करने वालों के खिलाफ असम पुलिस ने सख्त निगरानी करते हुए बांग्लादेश के छह नागरिकों को पकड़ा और उन्हें सीमा पार भेज दिया।’’ पकड़े गए बांग्लादेशियों की पहचान मुस्तफिजुर रहमान, कब्बो क्रूज, मोहम्मद लेलिन मिया, सिराजुल इस्लाम, सैफुल इस्लाम और मुक्तार हुसैन के रूप में की गई है। 

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Assam से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें नॉर्थ ईस्ट