1. Hindi News
  2. नॉर्थ ईस्ट
  3. असम
  4. असम: सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 3 संदिग्ध उग्रवादी ढेर, बड़ी मात्रा में गोला-बारूद और हथियार बरामद

असम: सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 3 संदिग्ध उग्रवादी ढेर, बड़ी मात्रा में गोला-बारूद और हथियार बरामद

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Apr 29, 2025 08:57 pm IST,  Updated : Apr 29, 2025 08:57 pm IST

असम के दीमा हसाओ में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में एनएससीएन के तीन संदिग्ध उग्रवादी मारे गए। ये उग्रवादी एनएचएआई से कथित तौर पर धन उगाही के लिए नगालैंड से असम आए थे।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

असम के दीमा हसाओ जिले में मंगलवार को सुरक्षा बलों और उग्रवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एनएससीएन (नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालैंड) के कम से कम तीन संदिग्ध उग्रवादी मारे गए। अधिकारियों ने बताया कि ये उग्रवादी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से कथित तौर पर धन उगाही के लिए नगालैंड से असम आए थे।

60 घंटे का तलाशी अभियान

असम राइफल्स और राज्य पुलिस की विशेष इकाई ने गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार शाम से दीमा हसाओ के जंगलों में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था। करीब 60 घंटे तक चले इस ऑपरेशन के बाद मंगलवार को हाफलोंग थाना क्षेत्र के एन कुबिन और हेराकिलो के बीच एक क्षेत्र में मुठभेड़ शुरू हुई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "उग्रवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद हमारी टीम ने इलाके को घेर लिया। जवाब में उग्रवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ छिड़ गई जो करीब तीन-चार घंटे तक चली।"

भारी गोलीबारी और हथियारों का जखीरा बरामद

मुठभेड़ के दौरान दोनों पक्षों के बीच भारी गोलीबारी हुई। इस दौरान तीन उग्रवादी मौके पर ही मारे गए। घटनास्थल से दो एके-47 राइफल, एक पिस्तौल और बड़ी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि उग्रवादियों के अन्य साथियों की तलाश में इलाके में व्यापक तलाशी अभियान अभी भी जारी है।

NHAI को भेजा था धमकी पत्र

असम पुलिस के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि एनएससीएन के एक गुट ने एनएचएआई को पत्र भेजकर पैसे की मांग की थी। एनएचएआई दीमा हसाओ जिले में स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना के तहत निर्माण कार्य कर रहा है और उग्रवादी इसी परियोजना से धन उगाही की कोशिश में लगे थे।

घटना से स्थानीय लोग चिंतित

प्रशासन के एक अधिकारी ने नाम नहीं बताने की शर्त पर कहा कि स्थानीय लोग इस घटना से बेहद नाखुश हैं कि एनएससीएन उग्रवादी धन उगाही के लिए असम आए, जबकि वे मुख्य रूप से नगालैंड में सक्रिय हैं। अधिकारी ने कहा कि दीमा हसाओ एक शांतिपूर्ण जिला है और कोई भी यहां किसी भी तरह की अशांति या खूनखराबा नहीं चाहता। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

कुछ बड़ा होने वाला है? PM मोदी ने 70 मिनट तक की हाई लेवल मीटिंग, रक्षा मंत्री, NSA और तीनों सेनाओं के प्रमुख रहें मौजूद

"भगवान विष्णु सबके, मेरा गोत्र मां माटी मानुष", उद्घाटन से पहले बंगाल में बने जगन्नाथ मंदिर पहुंचीं CM ममता

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Assam से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें नॉर्थ ईस्ट