1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. इलेक्ट्रिक वाहन बनाने पर ध्यान दें ऑटो कंपनियां, परिवहन मंत्री ने दिया बयान

इलेक्ट्रिक वाहन बनाने पर ध्यान दें ऑटो कंपनियां, परिवहन मंत्री ने दिया बयान

 Written By: Manoj Kumar @kumarman145
 Published : Sep 25, 2017 09:10 am IST,  Updated : Sep 25, 2017 09:10 am IST

प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए सरकार ने वाहन उद्योग से इलेक्ट्रिक वाहनों के क्षेत्र में उतरने के लिए कहा है

इलेक्ट्रिक वाहन बनाने पर ध्यान दें ऑटो कंपनियां, परिवहन मंत्री ने दिया बयान- India TV Hindi
इलेक्ट्रिक वाहन बनाने पर ध्यान दें ऑटो कंपनियां, परिवहन मंत्री ने दिया बयान

हैदराबाद। केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं पोत परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को कहा कि सरकार वाहन प्रदूषण को लेकर चिंतित है। इसी के मद्देनजर सरकार ने वाहन उद्योग से इलेक्ट्रिक वाहनों के क्षेत्र में उतरने के लिए कहा है। गडकरी यहां इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस द्वारा आयोजित आईएसबी लीडरशिप सम्मेलन में भाग लेने आये थे।

उन्होंने कहा, मैं वाहन उद्योग के खिलाफ नहीं हूं। हम करीब 1.50 लाख करोड़ रुपये के वाहनों का निर्यात करते हैं। वाहन उद्योग में रोजगार की सर्वाधिक संभावनाएं हैं। मैंने उन्हें निर्यात जारी रखने को कहा है। उन्होंने 2030 तक देश को पूरी तरह से इलेक्ट्रिक कार बाजार बनाने की सरकार की योजना के संबंध में पूछे जाने पर कहा, प्रदूषण एक बड़ी चुनौती है।

आप स्वदेशी तकनीक को बढ़ावा दीजिये। अब भारत कोयले और बिजली के मामले में खपत से अधिक उत्पादन करने लगा है। यह काफी सस्ता है। लोगों को भी इससे फायदा होगा। इसे प्राथमिकता दीजिये। आप बिजली पर आधारित सार्वजनिक परिवहन में उतरिये। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं के बारे में कहा कि इसमें चार से पांच प्रतिशत तक की कमी आयी है।

उन्होंने कहा, जब मैंने कार्यभार संभाला तब हर साल करीब पांच लाख लोग सड़क दुर्घटनाओं में मारे जाते थे। हमने सड़कों पर 780 ऐसी जगहों की पहचान की जहां अधिक दुर्घटनाएं होती हैं। हमने जिला स्तरीय समितियों के गठन का आदेश दिया ताकि सड़क दुर्घटनाओं की निगरानी की जा सके। मंत्री ने कहा कि उनका लक्ष्य सड़क दुर्घटनाओं में पचास प्रतिशत तक की कमी लाना है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Auto से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा