1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. होंडा जनवरी से बढ़ाएगी वाहनों के दाम, लागत बढ़ने का असर

होंडा जनवरी से बढ़ाएगी वाहनों के दाम, लागत बढ़ने का असर

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Dec 20, 2020 06:25 pm IST,  Updated : Dec 20, 2020 06:29 pm IST

पिछले सप्ताह रेनो इंडिया ने कहा कि वह जनवरी से सभी मॉडल के दाम में 28,000 रुपये तक की बढ़ोतरी करने जा रही है। इसके अलावा, मारुति सुजुकी, फोर्ड इंडिया और महिंद्रा एंड महिंद्रा ने भी कीमतों में बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है।

होंडा बढ़ाएगी वाहनों...- India TV Hindi
होंडा बढ़ाएगी वाहनों के दाम  Image Source : GOOGLE

नई दिल्ली। नए साल से अपने वाहनों की कीमत बढ़ाने वाली ऑटो सेक्टर की कंपनियों में अब होंडा भी शामिल होने जा रही है। जापान की वाहन कंपनी होंडा की अगले महीने से वाहनों के दामों में बढ़ोत्तरी करने की योजना है। सूत्रों के मुताबिक कंपनी के डीलरों कों कीमतों में बढ़ोतरी के बारे में सूचना दे दी गयी है। वाहन कंपनी भारत में अपनी सब्सिडियरी होंडा कार्स इंडिया लि. यानि एचसीआईएल के जरिये काम कर रही है।

कंपनी के एक डीलर ने कीमतों में बढ़त किए जाने की खबरों की पुष्टि की है और कहा कि कंपनी जनवरी से अपने वाहनों के दाम बढ़ा रही है। सूत्रों के मुताबिक करंसी पर असर और कच्चे माल के महंगे होने से लागत पर पड़ने वाले दबाव को कम करने के लिए कंपनी कीमतों में बढ़ोतरी कर रही है। डीलर के अनुसार वाहनों के मॉडल के हिसाब से दाम के बारे में सूचना कंपनी जनवरी की शुरूआत में जारी कर देगी। हालांकि कीमतों में बढ़ोतरी की खबरों को लेकर संपर्क किये जाने पर कंपनी के प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि की। लेकिन इसके बारे में कोई और जानकारी नहीं दी। कंपनी काम्पैक्ट सेडान अमेज से लेकर महंगी एसयूवी सीआर-वी बेचती है। अमेज की शुरूआती कीमत 6.17 लाख रुपये जबकि सीआरवी की 28.71 लाख (एक्स शोरूम) रुपये है।

कई वाहन कंपनियां पहले ही अगले महीने से विभिन्न मॉडल के दाम बढ़ाने की घोषणा कर चुकी हैं। पिछले सप्ताह रेनो इंडिया ने कहा कि वह जनवरी से सभी मॉडल के दाम में 28,000 रुपये तक की बढ़ोतरी करने जा रही है। इसके अलावा, मारुति सुजुकी, फोर्ड इंडिया और महिंद्रा एंड महिंद्रा पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि वे कच्चे माल और अन्य जिंसों की बढ़ी हुई लागत को कम करने के लिये अपने वाहनों के दाम जनवरी से बढ़ाएंगे। इसके साथ ही दो पहिया वाहन कंपनी हीरो मोटो कार्प ने भी कच्चे माल की बढ़ी हुई लागत की भरपाई के लिये अपने वाहनों के दाम में एक जनवरी, 2021 से 1,500 रुपये तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Auto से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा