नई दिल्ली। टाटा मोटर्स ने आज हैचबैक टिआगो का नया आटोमेटेड मैनुअल ट्रांसमिशन से लैस संस्करण Tiago AMT पेश किया। इस वाहन के XZA मॉडल की कीमत 5.39 लाख रुपए (एक्स-शोरूम दिल्ली) है।
टाटा टिआगो ईजी-शिफ्ट एएमटी केवल पेट्रोल वर्जन में ही उपलब्ध होगा। टिआगो एएमटी की बिक्री कंपनी के 597 से अधिक डीलर्स के जरिये देशभर में की जाएगी।
टाटा मोटर्स के अध्यक्ष (यात्री वाहन व्यापार इकाई) मयंक पारीक ने कहा कि,
टिआगो को लगातार अच्छी प्रतिक्रिया मिलने से हम अत्यंत प्रतिस्पर्धी हैचबैक खंड में मासिक आधार पर वृद्धि देख रहे हैं। यात्री वाहन बाजार में टाटा मोटर्स की वृद्धि में इस ब्रांड की अहम भूमिका है। कंपनी को भरोसा है कि नया संस्करण टाटा मोटर्स के बाजार का और विस्तार करेगा।
- टाटा टिआगो ईजी शिफ्ट एएमटी में चार गियर ऑप्शन हैं- ऑटोमैटिक, न्यूट्रल, रिवर्स और मैनुअल।
- एएमटी में मैनुअल वर्जन ड्राइवर को तेजी से गियर बदलने की अनुमति देगा।
- इसमें भी 1.2 लीटर थ्री सिलेंडर रेवोट्रोन पेट्रोल इंजन लगा है, जो 6000 आरपीएम पर 84 बीएचपी की पावर देता है।
- कंपनी ने कहा है कि वह हर महीने औसतन 4,000 यूनिट टिआगो की बिक्री कर रही है।
- टिआगो की मदद से ही टाटा मोटर्स देश में चौथी सबसे बड़ी ऑटो कंपनी बन गई है।
- टिआगो एएमटी का सीधा मुकाबला मारुति की सेलेरियो एएमटी से है, इसकी कीमत 4.51 लाख रुपए है।