1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. 17 अगस्त से शुरू हो रहे त्योहारी सीजन में ऑटो कंपनियों की होने वाली है बल्ले-बल्ले, टूटेंगे पुराने सारे रिकॉर्ड

17 अगस्त से शुरू हो रहे त्योहारी सीजन में ऑटो कंपनियों की होने वाली है बल्ले-बल्ले, टूटेंगे पुराने सारे रिकॉर्ड

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Aug 14, 2023 06:37 am IST,  Updated : Aug 14, 2023 06:37 am IST

जुलाई में करीब 3.52 लाख इकाइयों की एक महीने में अब तक की दूसरी सबसे अधिक बिक्री देखी गई। अगस्त में भी इसके 3.5 लाख इकाइयों के आसपास रहने की उम्मीद है।

गाड़ियों की बिक्री- India TV Hindi
गाड़ियों की बिक्री Image Source : AP

इस साल त्योहारों के दौरान गाड़ियों की बिक्री के सभी पुराने रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद है। ऑटो कंपनियों को उम्मीद है कि अगामी त्योहारी सीजन में रिकॉर्ड 10 लाख गाड़ियों की बिक्री होगी। इस वर्ष 68 दिन के त्योहारों का मौसम 17 अगस्त से शुरू होकर 14 नवंबर तक चलेगा। हालांकि, इस अवधि में कुछ दिन खरीदारी के लिए शुभ नहीं माने जाते। मारुति सुजुकी इंडिया के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (विपणन व बिक्री) शशांक श्रीवास्तव ने बताया कि आमतौर पर त्योहारों के दौरान बिक्री बढ़ जाती है, जो पूरे वर्ष होने वाली बिक्री का करीब 22-26 प्रतिशत है। 

पूरे साल गाड़ियों की जबरदस्त मांग

उन्होंने कहा, ‘‘ इस वित्तीय वर्ष में यात्री वाहन की कुल बिक्री 40 लाख इकाई के दायरे में रहने की उम्मीद है, त्योहारों के दौरान करीब 10 लाख इकाइयों की बिक्री होने की उम्मीद है। ’’ श्रीवास्तव ने कहा कि इस साल उद्योग में मजबूत बिक्री देखी गई और आने वाले महीनों में भी इसके जारी रहने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, ‘‘हमने इस वित्तीय वर्ष में बिक्री के मामले में अप्रैल, मई, जून और जुलाई में अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन देखा है। जुलाई में करीब 3.52 लाख इकाइयों की एक महीने में अब तक की दूसरी सबसे अधिक बिक्री देखी गई। अगस्त में भी इसके 3.5 लाख इकाइयों के आसपास रहने की उम्मीद है।’’ 

महंगा ऑटो लोन चिंता की बात 

ऑटो लोन की उच्च दर भी चिंता का विषय है क्योंकि करीब 83 प्रतिशत उपभोक्ता कार खरीदने के लिए कर्ज लेते हैं। मारुति सुजुकी इंडिया के बिक्री अनुमानों के बारे में पूछे जाने पर श्रीवास्तव ने कहा कि कंपनी को त्योहारों के दौरान बिक्री उनकी कुल वार्षिक बिक्री का करीब 22-25 प्रतिशत होती है। वाहन डीलर संघों के महासंघ (फाडा) ने त्योहारों के दौरान खुदरा बिक्री में वृद्धि होने की उम्मीद जतायी है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Auto से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा