1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. इस लग्जरी ब्रांड की बाइक 1 जनवरी से हो जाएंगी महंगी, इतनी अधिक कीमत चुकानी होगी

इस लग्जरी ब्रांड की बाइक 1 जनवरी से हो जाएंगी महंगी, इतनी अधिक कीमत चुकानी होगी

 Published : Dec 19, 2025 11:38 pm IST,  Updated : Dec 19, 2025 11:38 pm IST

कंपनी का कहना है कि यह कीमत संशोधन बढ़ती लागत को संतुलित करने और भारत में कारोबार की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है। मौजूदा समय में कंपनी की मोटरसाइकिलों की कीमतें 2.81 लाख रुपये से लेकर 48.63 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच हैं।

कपंनी का कहना है कि विदेशी मुद्रा का दबाव है। - India TV Hindi
कपंनी का कहना है कि विदेशी मुद्रा का दबाव है। Image Source : ऑफिशियल वेबसाइट

प्रीमियम मोटरसाइकिल सेगमेंट की दिग्गज कंपनी BMW Motorrad India ने शुक्रवार को घोषणा की है कि 1 जनवरी 2026 से उसकी पूरी मोटरसाइकिल रेंज की कीमतों में 6 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की जाएगी। यह फैसला भारत में निर्मित और विदेशों से आयातित (सीबीयू) दोनों तरह के मॉडलों पर लागू होगा। बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया के प्रेसिडेंट और सीईओ हरदीप सिंह बराड़ ने इस मूल्य वृद्धि के पीछे मुख्य रूप से आर्थिक दबावों को जिम्मेदार ठहराया है।

कपंनी का कहना है कि विदेशी मुद्रा का दबाव है। डॉलर और यूरो के मुकाबले भारतीय रुपये में लगातार गिरावट से आयात लागत बढ़ गई है। कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी हो गई है। इसके अलावा परिवहन और लॉजिस्टिक्स की लागत में इजाफा हो गया है। कंपनी के अनुसार, कारोबार की दीर्घकालिक स्थिरता और डीलर नेटवर्क के मुनाफे को सुरक्षित रखने के लिए यह कदम अनिवार्य है।

किन मॉडलों पर पड़ेगा असर

BMW Motorrad India के पोर्टफोलियो में भारत में असेंबल की जाने वाली बाइक्स के साथ-साथ प्रीमियम आयातित मॉडल भी शामिल हैं। ‘मेड इन इंडिया’ रेंज में BMW G 310 RR और इलेक्ट्रिक BMW CE 02 जैसे लोकप्रिय मॉडल शामिल हैं, जिन्होंने एंट्री-लेवल प्रीमियम सेगमेंट में ब्रांड की पकड़ मजबूत की है। वहीं, आयातित मॉडल्स में BMW F 900 GS, BMW F 900 GSA, BMW R 1300 GS, BMW C 400 GT, और इलेक्ट्रिक BMW CE 04 जैसी एडवेंचर, टूरिंग और प्रीमियम स्कूटर बाइक्स शामिल हैं। हालांकि कंपनी ने अभी मॉडल-वार कीमतों में बढ़ोतरी का खुलासा नहीं किया है, लेकिन अलग-अलग मॉडलों में लोकलाइजेशन के स्तर के आधार पर कीमतों में अलग-अलग इजाफा हो सकता है।

मौजूदा कीमतें और खरीदारों पर असर

BMW Motorrad India की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, फिलहाल कंपनी की मोटरसाइकिलों की कीमतें 2.81 लाख रुपये से लेकर 48.63 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच हैं। नई कीमतें 2026 की शुरुआत से लागू होंगी, ऐसे में संभावित खरीदार कीमत बढ़ने से पहले बाइक खरीदने पर विचार कर सकते हैं। उद्योग जानकारों का मानना है कि 2025 के आखिरी महीनों में डीलरशिप पर ग्राहकों की पूछताछ और बुकिंग में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Auto से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा