1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. KVP Scheme: पैसा डबल करने की सरकारी स्कीम, बिना जोखिम इतने महीनों में दोगुनी हो जाएगी रकम

KVP Scheme: पैसा डबल करने की सरकारी स्कीम, बिना जोखिम इतने महीनों में दोगुनी हो जाएगी रकम

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Dec 21, 2025 11:25 am IST,  Updated : Dec 21, 2025 11:25 am IST

अगर आप भी चाहते हैं कि आपकी मेहनत की कमाई पूरी तरह सुरक्षित रहे और समय के साथ दोगुनी भी हो जाए, तो पोस्ट ऑफिस की किसान विकास पत्र स्कीम आपके लिए एक भरोसेमंद ऑप्शन बन सकती है। यह पूरी तरह सरकार की गारंटी वाली योजना है, जिसमें जोखिम लगभग न के बराबर होता है।

KVP स्कीम के फायदे- India TV Hindi
KVP स्कीम के फायदे Image Source : CANVA

आज के दौर में जब शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव बना रहता है और कई लोग अपने निवेश को लेकर असमंजस में रहते हैं, ऐसे में सुरक्षित और भरोसेमंद ऑप्शन की तलाश हर निवेशक करता है। अगर आप भी चाहते हैं कि आपकी मेहनत की कमाई पूरी तरह सुरक्षित रहे और तय समय में दोगुनी होकर वापस मिले, तो पोस्ट ऑफिस की किसान विकास पत्र (KVP) स्कीम आपके लिए एक अच्छा ऑप्शन बन सकता है। यह केंद्र सरकार द्वारा चलाई जाने वाली स्कीम है, जिसमें निवेश पर 100 फीसदी सरकारी गारंटी मिलती है।

किसान विकास पत्र एक फिक्स्ड इनकम सेविंग स्कीम है, जिसे पोस्ट ऑफिस के जरिए संचालित किया जाता है। इस स्कीम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें निवेश की गई रकम एक तय अवधि के बाद अपने आप दोगुनी हो जाती है। यही वजह है कि यह स्कीम उन लोगों को खास तौर पर पसंद आती है, जो रिस्क से दूर रहकर गारंटीड रिटर्न चाहते हैं।

7.5% का सालाना ब्याज

वर्तमान में KVP पर 7.5 फीसदी सालाना चक्रवृद्धि ब्याज दिया जा रहा है। इस ब्याज दर के हिसाब से निवेश की गई रकम 115 महीनों यानी करीब 9 साल 7 महीने में दोगुनी हो जाती है। उदाहरण के तौर पर, अगर कोई निवेशक किसान विकास पत्र में 1 लाख रुपये का निवेश करता है, तो तय अवधि पूरी होने पर उसे 2 लाख रुपये मिलेंगे। यही नहीं, इसमें छोटे निवेशक भी आसानी से शुरुआत कर सकते हैं।

कितना निवेश कर सकते हैं?

किसान विकास पत्र में न्यूनतम निवेश राशि 1000 रुपये रखी गई है, जबकि अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं है। निवेशक चाहें तो सिंगल अकाउंट या जॉइंट अकाउंट के जरिए निवेश कर सकते हैं। माता-पिता अपने नाबालिग बच्चे के नाम से भी KVP अकाउंट खोल सकते हैं, जिससे भविष्य की जरूरतों के लिए सुरक्षित फंड तैयार किया जा सकता है।

स्कीम ने अन्य फायदे

इस स्कीम के कई और फायदे भी हैं। KVP पर 100 फीसदी सरकारी गारंटी मिलती है, जिससे निवेश पूरी तरह सुरक्षित रहता है। जरूरत पड़ने पर KVP सर्टिफिकेट के बदले बैंक से लोन भी लिया जा सकता है। इसके अलावा, खाता एक पोस्ट ऑफिस से दूसरे पोस्ट ऑफिस में ट्रांसफर किया जा सकता है और नॉमिनेशन की सुविधा भी उपलब्ध है।

ब्याज पर लगता है टैक्स

हालांकि किसान विकास पत्र एक लॉन्ग टर्म स्कीम है, लेकिन ढाई साल पूरे होने के बाद कुछ शर्तों के साथ इसमें आंशिक या पूरा पैसा निकाला जा सकता है। निवेशकों को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि KVP पर मिलने वाला ब्याज टैक्सेबल होता है, यानी उस पर इनकम टैक्स के नियम लागू होते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। My Profit से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा