1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. Hero ने लॉन्च की देश की पहली फ्लेक्स फ्यूल बाइक, चेक करें कीमतें और बाकी जरूरी डिटेल्स

Hero ने लॉन्च की देश की पहली फ्लेक्स फ्यूल बाइक, चेक करें कीमतें और बाकी जरूरी डिटेल्स

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Jun 03, 2026 10:43 pm IST,  Updated : Jun 03, 2026 10:43 pm IST

हीरो की ये दोनों बाइकें 85 प्रतिशत एथनॉल के साथ भी बाकी मोटरसाइकिलों की तरह ही दौड़ सकती हैं।

hero motocorp, hero, hero splendor plus, hero splendor plus flex, hero hf deluxe, hero hf deluxe fle- India TV Hindi
फ्लेक्स फ्यूल से चलने वाली हीरो स्प्लेंडर और एचएफ डिलक्स Image Source : HTTPS://X.COM/HARDEEPSPURI

हीरो मोटोकॉर्प ने फ्लेक्स फ्यूल से चलने वाली देश की पहली मोटरसाइकिलें लॉन्च कर दीं। हीरो ने बुधवार को फ्लेक्स फ्यूल से चलने वाली स्प्लेंडर प्लस और एचएफ डिलक्स बाइक लॉन्च कीं। हीरो की ये दोनों बाइकें 85 प्रतिशत एथनॉल के साथ भी बाकी मोटरसाइकिलों की तरह ही दौड़ सकती हैं। बताते चलें कि आमतौर पर फ्लेक्स फ्यूल में 85 प्रतिशत एथनॉल और 15 प्रतिशत पेट्रोल का मिश्रण होता है। 

क्या होंगी फ्लेक्स फ्यूल से चलने वाली मोटरसाइकिलों की कीमतें

कंपनी ने एक बयान में कहा कि एचएफ डीलक्स फ्लेक्स फ्यूल मोटरसाइकिल की कीमत 72,792 रुपये (एक्स-शोरूम दिल्ली) होगी, जबकि फ्लेक्स फ्यूल वाली स्प्लेंडर प्लस की कीमत 82,710 रुपये (एक्स-शोरूम दिल्ली) होगी। बयान में कहा गया है कि इन मोटरसाइकिल की बिक्री जुलाई, 2026 में दिल्ली और महाराष्ट्र के कुछ चुनिंदा क्षेत्रों में शुरू की जाएगी, जिसके बाद जल्द ही इसे पूरे देश में लॉन्च कर दिया जाएगा। 

ग्राहकों को मिलेगा भरोसेमंद प्रदर्शन

हीरो मोटोकॉर्प ने अपने बयान में कहा, नए मॉडल ग्राहकों को भरोसेमंद प्रदर्शन या किफायती स्वामित्व में आसानी से समझौता किए बिना एक अत्यंत व्यावहारिक और सुविधाजनक परिवहन समाधान प्रदान करते है। बयान में कहा गया है कि रोजमर्रा की यात्रा के दौरान कार्बन उत्सर्जन और पर्यावरण नुकसान को काफी कम करते हुए ये मोटरसाइकिलें 2030 तक आर्थिक कार्बन तीव्रता को 45 प्रतिशत तक कम करने के भारत के राष्ट्रीय उद्देश्य के लिए सहायक हैं। 

नितिन गडकरी और हरदीप सिंह पुरी की मौजूदगी में लॉन्च हुई बाइकें

हीरो ने अपनी इन दोनों मोटरसाइकिलों को विश्व पर्यावरण दिवस से पहले केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी की मौजूदगी में लॉन्च किया गया। नितिन गडकरी ने इस कार्यक्रम में कहा, ''भारत वैकल्पिक ईंधन और स्वच्छ परिवहन प्रौद्योगिकियों को अपनाने में तेजी से प्रगति कर रहा है।'' 

अभी 20 प्रतिशत मिश्रण वाला पेट्रोल ही उपलब्ध

बताते चलें कि सरकार भी पेट्रोल में इथनॉल के मिश्रण को बढ़ाने पर विचार कर रही है। फिलहाल, देश भर में 20 प्रतिशत एथनॉल के मिश्रण वाले पेट्रोल की बिक्री हो रही है। देश में बिजनेस करने वाली तमाम ऑटो कंपनियां अपनी-अपनी गाड़ियों में E20 पेट्रोल (20 प्रतिशत एथनॉल मिला हुआ पेट्रोल) को सपोर्ट करने वाले इंजन लगाकर बेच रही हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Auto से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा