1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. भारत में लक्जरी कारों की बिक्री में जबर्दस्त उछाल, BMW ने बेचीं दशक में सबसे ज्यादा कारें, ऑडी लैम्बॉर्गिनी ने तोड़े रिकॉर्ड

भारत में लक्जरी कारों की बिक्री में जबर्दस्त उछाल, BMW ने बेचीं दशक में सबसे ज्यादा कारें, ऑडी लैम्बॉर्गिनी ने तोड़े रिकॉर्ड

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jan 04, 2022 04:50 pm IST,  Updated : Jan 04, 2022 04:50 pm IST

2021 में लक्जरी कार निर्माता बीएमडब्ल्यू ने बीते एक दशक में सबसे बड़ा बिक्री का आंकड़ा हासिल किया है। वहीं अन्य लक्जरी कार कंपनी ऑडी की बिक्री भी 2021 में डबल हो गई है।

भारत में लक्जरी कारों...- India TV Hindi
भारत में लक्जरी कारों की बिक्री में जबर्दस्त उछाल, BMW ने बेचीं दशक में सबसे ज्यादा कारें, ऑडी लैम्बॉर्गिनी ने तोड़े रिकॉर्ड Image Source : PIXABAY

Highlights

  • BMW ने बीते एक दशक में सबसे बड़ा बिक्री का आंकड़ा हासिल किया है
  • लैम्बॉर्गिनी ने 2021 में भारतीय बाजार में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया है
  • ऑडी की वर्ष 2021 के दौरान भारत में खुदरा बिक्री दोगुनी हो गई

नयी दिल्ली। भारत को ए​​तिहासिक रूप से सस्ती और फ्यूल एफिशिएंट कारों का बाजार माना जाता रहा है। लेकिन 2021 में जितनी तेजी से लक्जरी कारों के बाजार ने रफ्तार पकड़ी है, उसने सभी को चौंका दिया है। कोरोना संकट के बाद चिप की कमी की दोहरी मार झेल रही मारुति, हुंडई  जैसी कार कंपनियों के बिक्री आंकड़े जहां परेशान कर रहे हैं वहीं लक्जरी कार मार्केट लंबी छलांग मार रहा है। 

2021 में लक्जरी कार निर्माता बीएमडब्ल्यू ने बीते एक दशक में सबसे बड़ा बिक्री का आंकड़ा हासिल किया है। वहीं अन्य लक्जरी कार कंपनी ऑडी की बिक्री भी 2021 में डबल हो गई है। लैम्बॉर्गिनी जिसकी कारों की औसत कीमत 3 करोड़ है, उसकी कारों ने बिक्री के पुराने सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। 

BMW ने हासिल की 34% की ग्रोथ

जर्मनी की लक्जरी कार विनिर्माता कंपनी बीएमडब्ल्यू की वर्ष 2021 के दौरान भारत में बिक्री 34 प्रतिशत बढ़कर 8,876 इकाई पर पहुंच गई। कंपनी की बिक्री में पिछले एक दशक के सबसे अधिक वृद्धि हुई है। कंपनी ने बीते वर्ष 8,236 बीएमडब्ल्यू इकाइयों और 640 मिनी इकाइयों की बिक्री की। इसके अलावा बीएमडब्ल्यू मोटरराड ने इस दौरान 5,191 मोटरसाइकलों की बिक्री की। वाहन विनिर्माता कंपनी ने वर्ष 2020 के दौरान सभी वाहनों समेत 6,604 इकाइयों की बिक्री की थी। 

BMWग्रुप इंडिया के अध्यक्ष विक्रम पावाह ने कहा, "बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया का अपने तीनों ब्रांडों बीएमडब्ल्यू, मिनी और बीएमडब्ल्यू मोटरराड में मजबूत प्रदर्शन बना हुआ है। इनकी बिक्री में अच्छी वृद्धि हुई है।" 

भारतीयों को भाई लंबरगिन्नी

इटली की सुपर स्पोर्ट्स कार कंपनी लैम्बॉर्गिनी के लिए भारत में बीता साल काफी अच्छा रहा है। कंपनी भारत में सुपर लग्जरी कारें बेचती हैं। इनकी कीमत 3.16 करोड़ रुपये से शुरू होती है। कंपनी के मुताबिक 2021 में भारतीय बाजार में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया है। कंपनी ने 2019 में भारत में 52 कारें बेची थीं, जो उसका अबतक का रिकॉर्ड है। हालांकि, कंपनी ने भारतीय बाजार में 2021 के लिए अपने पूर्ण बिक्री आंकड़ों की घोषणा नहीं की है, लेकिन वैश्विक स्तर पर उसके प्रदर्शन में काफी सुधार हुआ है। वैश्विक स्तर पर 2021 में कंपनी की बिक्री 23 प्रतिशत बढ़कर 6,902 इकाई पर पहुंच गई। 2019 की तुलना में भी 2021 में कंपनी की वैश्विक बिक्री छह प्रतिशत बढ़ी है। 

लैम्बॉर्गिनी इंडिया के प्रमुख शरद अग्रवाल ने कहा, ‘‘भारत में भी हमारी बिक्री का यही रुख रहा है। हमारे प्रयासों की वजह से हमारी ऑर्डर बुक काफी अच्छी है। इसके चलते 2022 की शुरुआत भी हमारे लिए अच्छी रहने वाली है।’’ 

डबल हुई ऑडी की बिक्री

जर्मनी की लक्जरी कार विनिर्माता कंपनी ऑडी की वर्ष 2021 के दौरान भारत में खुदरा बिक्री दोगुना बढ़कर 3,293 इकाई की हो गई। कंपनी ने बताया कि वर्ष 2020 में उसने 1,639 कारें बेचीं थी। ऑडी इंडिया के अनुसार इलेक्ट्रिक कार ई-ट्रॉन 50, ई-ट्रॉन 55, ई-ट्रॉन स्पोर्टबैक 55, ई-ट्रॉन जीटी, आरएस ई-ट्रॉन जीटी और ए-सेडान के साथ पेट्रोल से चलने वाली क्यू श्रेणी के वाहनों की बिक्री बढ़ने से यह वृद्धि हुई है। इसके अलावा एसयूवी क्यू2, क्यू5 और क्यू8 के साथ ए4 और ए6 मॉडल कंपनी के सबसे अधिक बिकने वाले वाहन बने रहे। वही ऑडी आरएस और एस की 2022 में भी मजबूत मांग जारी है। 

ऑडी इंडिया के अध्यक्ष बलबीर सिंह ढिल्लों ने कहा, ‘‘कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर और कलपुर्जों, जिंस की कीमतों, माल-ढुलाई में चुनौती जैसे अन्य वैश्विक बाधाओं के बावजूद हम 2021 में अपने प्रदर्शन से बहुत खुश हैं।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Auto से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा