1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. Maruti Baleno के ब्रेक में आई खतरनाक गड़बड़ी, कंपनी 7,213 कारों को करेगी रिकॉल, अर्टिगा और XL6 में भी आई खामी

Maruti Baleno के ब्रेक में आई खतरनाक गड़बड़ी, कंपनी 7,213 कारों को करेगी रिकॉल, अर्टिगा और XL6 में भी आई खामी

 Published : Apr 22, 2023 11:08 am IST,  Updated : Apr 22, 2023 11:08 am IST

मारुति सुजुकी इंडिया ने शुक्रवार को कहा कि वह बलेनो आरएस मॉडल की 7,213 इकाइयों को वापस मंगा रही है। कंपनी को आशंका है कि इस कार के वैक्यूम पंप (ब्रेक फंक्शन में मदद देने वाला पुर्जा) में खामी है।

Maruti Suzuki Baleno RS- India TV Hindi
Maruti Suzuki Baleno RS Image Source : FILE

देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी के ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है। कंपनी की लोकप्रिय कार मारुति सुजुकी बलेनो के आरएस एडिशन (Maruti Suzuki Baleno RS) के ब्रेक फंक्शन में मदद करने वाला वैक्यूम पंप में खराबी की जानकारी मिली है। इसे देखते हुए कंपनी इन कारों की 7,213 यूनिट्स को रिकॉल कर रही है। इसके अलावा कंपनी अपनी एमयूवी अर्टिगा (Maruti Ertiga) और XL6 (Maruti XL6) को भी रिकॉल करने जा रही है। 

2016 से 2019 के बीच बनी कारों में गड़बड़ी 

मारुति सुजुकी इंडिया ने शुक्रवार को कहा कि वह बलेनो आरएस मॉडल की 7,213 इकाइयों को वापस मंगा रही है। कंपनी को आशंका है कि इस कार के वैक्यूम पंप (ब्रेक फंक्शन में मदद देने वाला पुर्जा) में खामी है। कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया कि 27 अक्टूबर 2016 से एक नवंबर 2019 के बीच बने इस मॉडल के वाहनों को वापस लिया जाएगा। 

क्या है गड़बड़ी 

मारुति सुजुकी इंडिया ने कहा, ‘‘ऐसी आशंका है कि ब्रेक फंक्शन में मदद करने वाला वैक्यूम पंप में संभवतः खराबी है। प्रभावित वाहन में ब्रेक पैडल को दबाने में मुश्किल भी आ सकती है।’’ कंपनी ने कहा कि प्रभावित वाहनों के मालिकों को मारुति सुजुकी की अधिकृत डीलर कार्यशालाओं से खराब कलपुर्जों को बदलने के बारे में जानकारी मिलेगी। इन्हें फ्री में बदला जाएगा। 

अर्टिगा और XL6 में भी गड़बड़ी 

कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर एक पोस्ट में यह भी कहा कि वह 24 जून 2022 से सात जुलाई 2022 के बीच विनिर्मित अर्टिगा और एक्सएल6 मॉडल के 676 वाहनों के लिए सर्विस अभियान भी चलाएगी, उसमें भी आगे के ड्राइवशाफ्ट में खामी होने की आशंका है। इस वर्ष जनवरी में कंपनी ने आल्टो के10, एस-प्रेसो, इको, ब्रेजा, बलेनो और ग्रांड विटारा में एयरबैग कंट्रोलर में खामी की वजह से 17,362 इकाइयां वापस ली थीं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Auto से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा