1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. TVS Q2 Results : 41% उछल गया टीवीएस मोटर का मुनाफा, 11,301 करोड़ की हुई इनकम, EV गाड़ियों की सेल 31% बढ़ी

TVS Q2 Results : 41% उछल गया टीवीएस मोटर का मुनाफा, 11,301 करोड़ की हुई इनकम, EV गाड़ियों की सेल 31% बढ़ी

 Edited By: Pawan Jayaswal
 Published : Oct 23, 2024 05:11 pm IST,  Updated : Oct 23, 2024 05:11 pm IST

टीवीएस मोटर ने कहा कि दूसरी तिमाही में उसने निर्यात सहित दोपहिया और तिपहिया वाहनों की संयुक्त रूप से सालाना आधार पर 14 प्रतिशत अधिक यानी 12.28 लाख इकाइयों की बिक्री की, जो किसी भी तिमाही का सबसे ऊंचा आंकड़ा है।

टीवीएस- India TV Hindi
टीवीएस Image Source : FILE

चेन्नई बेस्ड कंपनी टीवीएस मोटर का चालू वित्त वर्ष 2024-25 की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 41.4 प्रतिशत बढ़कर 588.13 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। कंपनी का पिछले वित्त वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में शुद्ध लाभ 415.93 करोड़ रुपये रहा था। टीवीएस मोटर ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी परिचालन आय 11,301.68 करोड़ रुपये रही। जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में यह 9,932.82 करोड़ रुपये थी। कुल व्यय बढ़कर 10,427.64 करोड़ रुपये हो गया। जबकि एक वर्ष पहले इसी अवधि में यह 9,297.34 करोड़ रुपये था।

14% ज्यादा व्हीकल बेचे

टीवीएस मोटर ने कहा कि दूसरी तिमाही में उसने निर्यात सहित दोपहिया और तिपहिया वाहनों की संयुक्त रूप से सालाना आधार पर 14 प्रतिशत अधिक यानी 12.28 लाख इकाइयों की बिक्री की, जो किसी भी तिमाही का सबसे ऊंचा आंकड़ा है। पिछले साल समान अवधि में कंपनी ने 10.74 लाख वाहन बेचे थे। तिमाही के दौरान कंपनी की मोटरसाइकिल बिक्री 14 प्रतिशत बढ़कर 5.60 लाख इकाई रही, जो एक साल पहले समान तिमाही में 4.93 लाख इकाई थी। इस दौरान कंपनी की स्कूटर बिक्री 17 प्रतिशत बढ़कर 4.20 लाख इकाई से 4.90 लाख इकाई पर पहुंच गई।

31% बढ़ी इलेक्ट्रिक गाड़ियों की सेल

समीक्षाधीन अवधि में दोपहिया वाहनों का निर्यात 16 प्रतिशत बढ़कर 2.78 लाख इकाई हो गया, जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में यह 2.39 लाख इकाई थी। कंपनी ने कहा कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी कुल तिपहिया बिक्री 38,000 इकाई रही, जो 2023-24 की दूसरी तिमाही में 43,000 इकाई रही थी। दूसरी तिमाही में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री 31 प्रतिशत बढ़कर 75,000 इकाई हो गई, जबकि 30 सितंबर 2023 को समाप्त तिमाही में यह 58,000 इकाई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Auto से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा