1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. पैसेंजर कार की होलसेल बिक्री में 26% की बंपर बढ़ोतरी, बाइक-स्कूटर्स की बिक्री 56.28 लाख के पार

पैसेंजर कार की होलसेल बिक्री में 26% की बंपर बढ़ोतरी, बाइक-स्कूटर्स की बिक्री 56.28 लाख के पार

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Jul 15, 2026 02:13 pm IST,  Updated : Jul 15, 2026 02:13 pm IST

सियाम ने बताया कि पहली तिमाही में टू-व्हीलर्स की होलसेल बिक्री 20.3 प्रतिशत बढ़कर 56,28,675 यूनिट रही, जो एक साल पहले की समान अवधि में 46,77,990 यूनिट थी।

auto sales, Q1 FY27 auto sales, Wholesale sales of passenger cars, bike sales, car sales- India TV Hindi
गाड़ियों की बिक्री में बंपर उछाल Image Source : TATA MOTORS

चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में पैसेंजर कार की होलसेल बिक्री 25.9 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 12,73,811 यूनिट पर पहुंच गई। SIAM ने बुधवार को ये जानकारी देते हुए कहा कि पश्चिम एशिया युद्ध से उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद मजबूत घरेलू मांग के कारण ये वृद्धि दर्ज की गई है। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) ने बयान में कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में पैसेंजर कार की थोक बिक्री 10,11,884 यूनिट रही थी। इससे पहले, 2024-25 की अप्रैल-जून तिमाही में रिकॉर्ड करीब 10.3 लाख गाड़ियों की बिक्री दर्ज की गई थी। 

टू-व्हीलर्स की होलसेल बिक्री 20.3 प्रतिशत बढ़ी

सियाम ने बताया कि पहली तिमाही में टू-व्हीलर्स की होलसेल बिक्री 20.3 प्रतिशत बढ़कर 56,28,675 यूनिट रही, जो एक साल पहले की समान अवधि में 46,77,990 यूनिट थी। इनके अलावा, थ्री-व्हीलर्स होलसेल बिक्री भी पहली तिमाही में अब तक के उच्चतम स्तर 2,14,339 यूनिट पर पहुंच गई। ये पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की 1,65,211 यूनिट की तुलना में 29.7 प्रतिशत ज्यादा है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कमर्शियल गाड़ियों की बिक्री भी रिकॉर्ड 2.65 लाख यूनिट रही, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही की तुलना में 18.3 प्रतिशत ज्यादा है। 

पश्चिम एशिया में तनाव से उत्पन्न हुई चुनौतियों के बावजूद मजबूत प्रदर्शन

SIAM के अध्यक्ष शैलेश चंद्रा ने कहा, ''पश्चिम एशिया में तनाव से उत्पन्न हुई चुनौतियों के बावजूद वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में सभी व्हीकल कैटेगरी का मजबूत प्रदर्शन घरेलू मांग के समर्थन, जीएसटी की कम दरों, वित्तपोषण लागत में नरमी, कम आधार प्रभाव और नए मॉडल की पेशकश का परिणाम है।'' उन्होंने कहा कि फिलहाल उपभोक्ता धारणा और मांग स्थिर बनी हुई है, लेकिन उद्योग, कृषि उत्पादन और ग्रामीण मांग पर संभावित प्रभाव को देखते हुए भू-राजनीतिक घटनाक्रम तथा मानसून की प्रगति पर करीबी नजर बनाए हुए है। 

त्योहारी सीजन में मांग स्थिर रहने की उम्मीद

चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) को लेकर सियाम ने कहा कि उद्योग के त्योहारी मौसम में प्रवेश करने के साथ मांग के स्थिर बने रहने की उम्मीद है। हालांकि, कमोडिटी की लागत अब भी इंडस्ट्री के लिए दबाव का प्रमुख कारण बनी हुई है। संगठन ने कहा, '' पश्चिम एशिया में पहले हुए युद्धविराम से गैस, तेल और अन्य कमोडिटी की सप्लाई में सुधार आया था, लेकिन इंडस्ट्री हाल के घटनाक्रमों पर करीबी नजर बनाए हुए है।'' बताते चलें कि ऑटो कंपनियां लगातार नए-नए मॉडल लॉन्च कर रही हैं। निसान मोटर इंडिया ने अभी हाल ही में अपनी नई प्रीमियम कॉम्पैक्ट एसयूवी Tekton को लॉन्च किया था

ये भी पढ़ें

Renault Duster Adventure Edition हुई लॉन्च! ₹12.99 लाख में मिलेगा दमदार लुक और नए फीचर्स, जानिए क्या है खास

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Auto से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा