मुंबई। गोवा और नई दिल्ली समेत चार शहरों को ट्रिप एडवाइजर की ट्रैवलर्स चॉइस अवार्ड्स के टॉप 25 एशियाई शहरों की लिस्ट में शामिल किया गया है। इस लिस्ट के अनुसार भारत का इसमें दूसरा स्थान है क्योंकि उसके चार शहरों को यह पुरस्कार मिला है। वहीं, पांच शहरों के साथ थाईलैंड इसमें पहले स्थान पर है। दूसरी ओर गोवा में पिछले साल पर्यटकों की आवक 19.5 प्रतिशत बढ़कर कुल 63.31 लाख रही। गोवा विधानसभा के मौजूदा बजट सत्र में पेश की गई वित्त वर्ष 2016-17 की इस रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
टॉप शहरों के लिस्ट में दिल्ली को मिला 13 वां स्थान
इस लिस्ट में गोवा को 11वां, नई दिल्ली को 13वां, जयपुर को 18वां और आगरा को 19वां स्थान मिला है। ऑनलाइन यात्रा सलाह देने वाली और बुकिंग करने वाली कंपनी ट्रिप एडवाइजर इंडिया के कंट्री मैनेजर निखिल गंजू ने कहा कि ट्रैवलर्स चॉइस अवार्ड्स में इस साल जाने-पहचाने शहरों के साथ ही कम लोकप्रिय स्थानों को भी जगह मिली है जो भारतीय यात्रियों को देश के भीतर ही अच्छा यात्रा अनुभव दिलाएंगे। इस लिस्ट में इंडोनेशिया के बाली को पहला, कंबोडिया के सिएम रीएप को दूसरा और थाईलैंड के फुकेट को तीसरा स्थान मिला है।
गोवा में पर्यटकों की संख्या 19 प्रतिशत बढ़ी
गोवा में पिछले साल पर्यटकों की आवक 19.5 प्रतिशत बढ़कर कुल 63.31 लाख रही। गोवा विधानसभा के मौजूदा बजट सत्र में पेश की गई वित्त वर्ष 2016-17 की इस रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, गोवा को पर्यटन की दृष्टि से एक आदर्श स्थान बनाने के लिए कई पहलें शुरू की गई हैं। वहीं, पर्यटन बुनियादी संरचना परियोजनाओं को शुरू किया गया है ताकि इस क्षेत्र में राज्य की क्षमता का विस्तार किया जा सके।
रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2015 में राज्य में कुल 52.98 लाख पर्यटक आए थे जबकि 2016 में यह संख्या 19.5 प्रतिशत बढ़कर 63.31 लाख हो गई। इसमें 56.50 लाख विदेशी और 6.81 लाख घरेलू पर्यटक थे। हालांकि यह वृद्धि 2015 की वृद्धि के मुकाबले कम है। वर्ष 2015 में 2014 के मुकाबले पर्यटकों की संख्या में 30.55 प्रतिशत वृद्धि हुई थी।