1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. एयर इंडिया कर्मचारियों को दूसरे उपक्रमों में भेजने के विकल्प पर हो रहा है विचार, VRS का भी मिलेगा विकल्‍प

एयर इंडिया कर्मचारियों को दूसरे उपक्रमों में भेजने के विकल्प पर हो रहा है विचार, VRS का भी मिलेगा विकल्‍प

 Edited By: Manish Mishra
 Published : Jan 14, 2018 06:05 pm IST,  Updated : Jan 14, 2018 06:05 pm IST

एयर इंडिया के विनिवेश की दिशा में आगे बढ़ रही सरकार इस विमानन कंपनी के कर्मचारियों को सार्वजनिक क्षेत्र के अन्य उपक्रमों में भेजने या उन्हें स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) पैकेज देने की तैयारी कर रही है।

Air India- India TV Hindi
Air India

नई दिल्ली। एयर इंडिया के विनिवेश की दिशा में आगे बढ़ रही सरकार इस विमानन कंपनी के कर्मचारियों को सार्वजनिक क्षेत्र के अन्य उपक्रमों में भेजने या उन्हें स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) पैकेज देने की तैयारी कर रही है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि सार्वजनिक क्षेत्र की इस एयरलाइन के विनिवेश का कर्मचारी यूनियनों द्वारा पुरजोर विरोध किया जा रहा है।

सरकार ने हाल ही में कर्ज के बोझ तले दबी एयर इंडिया में 49 प्रतिशत प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) की अनुमति दी है। लेकिन इसके सुगम तरीके से रणनीतिक विनिवेश के प्रयास किए जा रहे हैं। मंत्रियों का समूह इसके विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रहा है। एयर इंडिया पर 50,000 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज बोझ है। फिलहाल यह एयरलाइन करदाताओं के पैसे पर चल रही है।

विनिवेश का मकसद एयरलाइन का पुनरोद्धार करना है। मामले से जुड़े सूत्रों ने कहा कि सरकार एयरलाइन के कर्मचारियों को सार्वजनिक क्षेत्र की अन्य कंपनियों में जाने का विकल्प देने पर विचार कर रही है। इसके अलावा वीआरएस पैकेज पर भी विचार चल रहा है। सूत्रों ने बताया कि अभी इस पर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

नागर विमानन सचिव आर एन चौबे ने कहा कि कर्मचारियों के हितों के संरक्षण के लिए कई विकल्पों पर विचार चल रहा है। एयर इंडिया और उसकी अनुषंगियों के कर्मचारियों की संख्या 29,000 है। इसमें ठेका कर्मचारी भी शामिल हैं। विभिन्न एयर इंडिया यूनियनों ने विनिवेश योजना का विरोध किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा