1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. रेल टिकट आज बुक कर लो और पैसे 15 दिन बाद देना, रेलवे ने शुरू की ePaylater सुविधा

रेल टिकट आज बुक कर लो और पैसे 15 दिन बाद देना, रेलवे ने शुरू की ePaylater सुविधा

 Written By: Manoj Kumar @kumarman145
 Published : Aug 02, 2017 06:53 pm IST,  Updated : Aug 02, 2017 07:06 pm IST

IRCTC ने ई-पेलेटर ePaylater नाम से पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है जिसके तहत टिकट बुकिंग के 15 दिन बाद बुकिंग का पैसा मांगा जाएगा।

रेल टिकट आज बुक कर लो और पैसे 15 दिन बाद देना, रेलवे ने शुरू की ePaylater सुविधा- India TV Hindi
रेल टिकट आज बुक कर लो और पैसे 15 दिन बाद देना, रेलवे ने शुरू की ePaylater सुविधा

नई दिल्ली। रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग को बढ़ावा देने के लिए एक नई योजना शुरू की है जिसके तहत टिकट बुकिंग के 15 दिन के बाद पैसों का भुगतान किया जाएगा। रेल मंत्रालय की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक इंडियन रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म कार्पोरेशन (IRCTC) ने ई-पेलेटर (ePaylater) नाम से पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है जिसके तहत टिकट बुकिंग के 15 दिन बाद बुकिंग का पैसा मांगा जाएगा। इसके लिए रेलवे ने अर्थशास्त्र फिनटेक प्राइवेट लिमिटेड नाम की एक निजी संस्था के साथ करार किया है।

रेल मंत्रालय की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक ePaylater के जरिए टिकट बुकिंग पर टिकट की लागत का 3.50 फीसदी सर्विस चार्ज वसूला जाएगा साथ में बुकिंग पर जो अन्य टैक्स लगते हैं वह भी लागू रहेंगे। रेलवे के मुताबिक IRCTC की वेबसाइट पर पेमेंट ऑप्शन के तौर पर ePaylater का विकल्प मौजूद है। इस सेवा के बारे में पूरी जानकारी वेबसाइट पर दी हुई है।

रेलवे ने ePaylater नाम के विकल्प को टिकट बुकिंग के लिए ऑनलाइन ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया है। बुधवार को रेल मंत्रालय की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक डिजिटल ट्रांजेक्शन के जरिए रेल टिकट बुकिंग में लगातार बढ़ोतरी हो रही है साथ में काउंटर टिकट की बिक्री में भी इजाफा देखा जा रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा