1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 80 करोड़ लोगों को हर महीने मिलेगा 2 किलो अतिरिक्त अनाज, सरकार ने दी मंजूरी

80 करोड़ लोगों को हर महीने मिलेगा 2 किलो अतिरिक्त अनाज, सरकार ने दी मंजूरी

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Mar 25, 2020 06:24 pm IST,  Updated : Mar 25, 2020 06:36 pm IST

सरकार ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी है

Union Minister Prakash Javadekar- India TV Hindi
Union Minister Prakash Javadekar Image Source : TWITTER

नई दिल्ली| केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि सरकार देश के 80 करोड़ लोगों को हर महीने 2 किलो अतिरिक्त राशन देगी। यानि PDS के जरिए हर लाभार्थी को हर महीने सात किलो राशन मिलेगा। सरकार के मुताबिक 27 रुपये वाला गेहूं दो रुपये किलो और 37 रुपये का चावल तीन रुपये किलो की दर से मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने जानकारी दी कि लोगों को सस्ता राशन देने के लिए सरकार कुल एक लाख 80 हजार करोड़ रुपये खर्च करेगी।

सभी राज्यों को तीन महीने का एडवांस राशन दिया जा रहा है। जावड़ेकर ने कहा कि लॉकडाउन के बावजूद लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। दूध, राशन, सब्जी, पशुचारा आदि आवश्यक सेवाओं की दुकानें लगातार खुली रहेंगी। उन्होंने लोगों से सामानों की खरीदारी की होड़ में शामिल न होने की अपील की।

प्रकाश जावड़ेकर ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि गरीबों और आम जन को सस्ता राशन देने के लिए कैबिनेट की बैठक में फैसला हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक के फैसलों की जानकारी देते हुए प्रकाश जावड़ेकर ने बताया कि संकट की इस घड़ी में केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर काम कर रहीं हैं। लोग जानना चाह रहे हैं कि लॉकडाउन के समय गरीबों के लिए सरकार क्या कर रही है? सरकार ने सस्ता राशन देने का फैसला किया है।

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि ऐसे समय में अफवाहें भी खूब फैलतीं हैं। इस नाते लोगों को अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। सरकारी निर्देशों और सूचनाओं पर ही भरोसा करें। जावड़ेकर ने बताया कि निजी और सरकारी क्षेत्र के स्थाई और अस्थाई कर्मियों को वेतन मिलता रहेगा। इस दिशा में केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर काम कर रहीं हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा