1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को बीते वित्त वर्ष में 1,396 करोड़ रुपए का घाटा, केनरा बैंक को 3,905 करोड़ रुपए का शुद्ध घाटा

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को बीते वित्त वर्ष में 1,396 करोड़ रुपए का घाटा, केनरा बैंक को 3,905 करोड़ रुपए का शुद्ध घाटा

 Written By: Abhishek Shrivastava
 Published : May 27, 2016 08:36 pm IST,  Updated : May 27, 2016 08:36 pm IST

सार्वजनिक क्षेत्र के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को मार्च, 2016 में समाप्त वित्त वर्ष में 1,396.37 करोड़ रुपए का एकीकृत नुकसान हुआ है।

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को 1,396 करोड़ रुपए का घाटा, केनरा बैंक को हुआ 3,905 करोड़ रुपए का नुकसान- India TV Hindi
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को 1,396 करोड़ रुपए का घाटा, केनरा बैंक को हुआ 3,905 करोड़ रुपए का नुकसान

नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को मार्च, 2016 में समाप्त वित्त वर्ष में 1,396.37 करोड़ रुपए का एकीकृत नुकसान हुआ है। इससे पिछले वित्त वर्ष में बैंक ने 666.06 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ कमाया था। डूबे कर्ज के लिए ऊंचे प्रावधान की वजह से बैंक को घाटा हुआ है। शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बैंक ने कहा है कि वित्त वर्ष के दौरान उसकी कुल आय भी घटकर 27,932.13 करोड़ रुपए पर आ गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 28,376.37 करोड़ रुपए रही थी। सेंट्रल बैंक ने 2015-16 की आखिरी तिमाही के आंकड़े नहीं दिए हैं।

संपत्ति के मोर्चे पर बैंक ने कहा कि मार्च, 2016 को उसका कुल ऋण पर सकल गैर निष्पादित आस्तियां 11.95 फीसदी पर पहुंच गईं, जो एक साल पहले 6.09 फीसदी थीं। वित्त वर्ष के दौरान बैंक का कुल डूबा कर्ज 22,720.88 करोड़ रुपए रहा, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 11,873.06 करोड़ रुपए रहा था। वित्त वर्ष के दौरान बैंक का शुद्ध एनपीए बढ़कर 7.36 फीसदी या 13,241.80 करोड़ रुपए पर पहुंच गया, जो एक साल पहले 3.61 फीसदी या 6,807.45 करोड़ रुपए था।

यह भी पढ़ें- उपभोक्‍ता वित्‍तीय सेवा लिस्‍ट में HDFC विश्व की शीर्ष 10 कंपनियों में से एक, फोर्ब्‍स पत्रिका ने जारी की सूची

केनरा बैंक को 3,905 करोड़ रुपए का शुद्ध घाटा

फंसे हुए कर्ज बढ़ने से सार्वजनिक क्षेत्र के केनरा बैंक को चौथी तिमाही में 3,905.49 करोड़ रुपए का एकल शुद्ध घाटा हुआ। पूर्व वित्त वर्ष 2014-15 की इसी तिमाही में बैंक को 612.96 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ हुआ था। बैंक ने शेयर बाजारों को सूचित किया है कि आलोच्य तिमाही में उसकी कुल आय घटकर 12,116.14 करोड़ रुपए रह गई, जो पिछले साल इसी अवधि में 12,429.21 करोड़ रुपए थी। जनवरी-मार्च तिमाही में बैंक की सकल गैर-निष्पादित आस्तियां (एनपीए) बढ़कर 9.4 फीसदी रही जो गत वित्त वर्ष की इसी अवधि में 3.89 फीसदी रही थीं।

भारतीय रिजर्व बैंक के परिसंपत्ति गुणवत्ता समीक्षा निर्देशों का पालन करते हुए बैंक ने आलोच्य अवधि में फंसे हुए कर्ज के लिए 6,331.54 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है, जो पूर्व वित्त वर्ष की इसी अवधि में 1,009.57 करोड़ रुपए था। पूरे वित्त वर्ष में बैंक का शुद्ध घाटा 2,812.82 करोड़ रुपए रहा, जबकि पूर्व वित्त वर्ष में उसे 2,702.63 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ हुआ था।

यह भी पढ़ें- सार्वजनिक उपक्रम भेल चल रहा है घाटे में, 32 सरकारी कंपनियों में से 12 की हालत खराब

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा