1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. विदेशी मुद्रा भंडार 61.39 करोड़ डॉलर घटा, आया 393.12 अरब डॉलर के स्‍तर पर

विदेशी मुद्रा भंडार 61.39 करोड़ डॉलर घटा, आया 393.12 अरब डॉलर के स्‍तर पर

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Dec 21, 2018 11:08 pm IST,  Updated : Dec 21, 2018 11:08 pm IST

देश का विदेशी मुद्रा भंडार 14 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में 61.39 करोड़ डॉलर घटकर 393.12 अरब डॉलर पर आ गया, जो 28,156.9 अरब रुपए के बराबर है।

forex reserve- India TV Hindi
forex reserve Image Source : FOREX RESERVE

मुंबई। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 14 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में 61.39 करोड़ डॉलर घटकर 393.12 अरब डॉलर पर आ गया, जो 28,156.9 अरब रुपए के बराबर है। रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां घटने से विदेशी मुद्रा भंडार घटा है। इससे पिछले सप्ताह के दौरान विदेशी मुद्रा भंडार 1.66 करोड़ डॉलर बढ़कर 393.73 अरब डॉलर रहा था। 

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से जारी साप्ताहिक आंकड़े के अनुसार, विदेशी पूंजी भंडार का सबसे बड़ा घटक विदेशी मुद्रा भंडार आलोच्य सप्ताह में 63.16 करोड़ डॉलर घट कर 367.86 अरब डॉलर हो गया, जो 26,389.2 अरब रुपए के बराबर है।

विदेशी मुद्रा भंडार का आंकड़ा 13 अप्रैल, 2018 को 426.02 अरब डॉलर के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचा था। आंकड़ों के अनुसार समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार 3.72 करोड़ डॉलर बढ़कर 21.18 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो 1,475.9 अरब रुपए के बराबर है।

केंद्रीय बैंक के मुताबिक, विदेशी मुद्रा भंडार को डॉलर में व्यक्त किया जाता है और इस पर भंडार में मौजूद पौंड, स्‍टर्लिंग, येन जैसी गैर-अमेरिकी अंतरराष्‍ट्रीय मुद्राओं के मूल्यों में होने वाले उतार-चढ़ाव का सीधा असर पड़ता है।

इस दौरान, अंतरराष्‍ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में देश के विशेष निकासी अधिकार (एसडीआर) का मूल्य 70 लाख डॉलर घट कर 1.45 अरब डॉलर हो गया, जो 104.0 अरब रुपए के बराबर है। वहीं अंतरराष्‍ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में देश के मौजूदा भंडार का मूल्य 1.25 करोड़ डॉलर घट कर 2.61 अरब डॉलर दर्ज किया गया, जो 187.8 अरब रुपए के बराबर है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा