1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सोने में सीमित गिरावट और चांदी में बढ़त, जानिए क्या रही आज की कीमतें

सोने में सीमित गिरावट और चांदी में बढ़त, जानिए क्या रही आज की कीमतें

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Sep 14, 2020 07:49 pm IST,  Updated : Sep 14, 2020 07:49 pm IST

डॉलर के मुकाबले रुपये में बढ़त से सोमवार के कारोबार में सोना 24 रुपये की गिरावट के साथ 52,465 रुपये प्रति दस ग्राम के स्तर पर रह गया। वहीं बेहतर मांग से चांदी की कीमत 222 रुपये की बढ़त के साथ 69,590 रुपये प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई।

gold and silver price today- India TV Hindi
gold and silver price today Image Source : FILE

नई दिल्ली। अमेरिकी डालर के मुकाबले रुपये के मजबूती के आने से स्थानीय सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने की कीमतों में सीमित गिरावट देखने को मिली है। एचडीएफसी सिक्युरिटीज के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक सोमवार के कारोबार में सोना 24 रुपये की गिरावट के साथ 52,465 रुपये प्रति दस ग्राम के स्तर पर रह गया। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोने की कीमत 52,489 रुपये प्रति दस ग्राम के स्तर पर बंद हुई थी। हालांकि दूसरी तरफ मांग बढ़ने से चांदी का भाव में बढ़त देखने को मिली है। सोमवार को हाजिर बाजार में चांदी की कीमत 222 रुपये की बढ़त के साथ 69,590 रुपये प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई। इससे पिछले कारोबारी सत्र में चांदी की कीमत 69,368 रुपये प्रति किलो के स्तर पर थी।

सोने और चांदी की कीमतों में सीमित बदलाव पर एचडीएफसी सिक्युरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (उपभोक्ता कमोडिटी) तपन पटेल ने कहा, ‘‘दिल्ली में 24 कैरेट हाजिर सोने का भाव रुपये की मजबूती के चलते मामूली रूप 24 रुपये नीचे रहा।’’ विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार के कारोबार में रुपया अपनी शुरुआती बढ़त गंवाने के बाद अंत में पांच पैसे की मामूली बढ़त के साथ 73.48 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में बढ़त देखने को मिली वहीं चांदी पिछले स्तरों पर ही रही। विदेशी बाजार में सोना बढ़त के साथ 1,945.5 डॉलर प्रति ओंस और चांदी का भाव 26.87 डॉलर प्रति औंस के अपने पिछले स्तर पर बना रहा। वहीं एचडीएफसी सिक्युरिटीज के तपन पटेल ने कहा कि विदेशी बाजारों से मिले जुले रुख के बीच डॉलर के कमजोर पड़ने और कोरोना वायरस के बढ़ते मामले के बीच आर्थिक वृद्धि को लेकर बढ़ती चिंता से सोने में सीमित दायरे में कारोबार हुआ। उन्होंने कहा कि निवेशकों को अमेरिका के फेडरल रिजर्व की खुली बाजार समिति की आगामी बैठक से नये संकेत की प्रतीक्षा है। जानकारों के मुताबिक फिलहाल अर्थव्यवस्थाओं पर दबाव बना हुआ है और आगे की रिकवरी को लेकर अनिश्चितता है, इसके साथ ही कोरोना की वैक्सीन को लेकर भी कोई निश्चित समयसीमा नहीं दिख रही। ऐसे में सोने में दबाव आने के बावजूद कीमतों में ज्यादा गिरावट का रुख देखने को नहीं मिल रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा