1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. पेट्रोल-डीजल के बाद अब रसोई गैस बिगाड़ेगी बजट, सब्सिडी वाला सिलेंडर हुआ 1.50 रुपए महंगा

पेट्रोल-डीजल के बाद अब रसोई गैस बिगाड़ेगी बजट, सब्सिडी वाला सिलेंडर हुआ 1.50 रुपए महंगा

 Written By: Manoj Kumar @kumarman145
 Published : Oct 01, 2017 05:51 pm IST,  Updated : Oct 01, 2017 05:51 pm IST

दिल्ली में अब सब्सिडी वाले सिलेंडर का दाम बढ़कर 488.68 रुपए हो गया है जो पहले 487.18 रुपए था। सिलेंडर के अलावा हवाई ईंधन की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है

पेट्रोल-डीजल के बाद अब रसोई गैस बिगाड़ेगी बजट, सब्सिडी वाला सिलेंडर हुआ 1.50 रुपए महंगा- India TV Hindi
पेट्रोल-डीजल के बाद अब रसोई गैस बिगाड़ेगी बजट, सब्सिडी वाला सिलेंडर हुआ 1.50 रुपए महंगा

नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल के बाद अब रसोई गैस आपके घर का बजट बिगाड़ सकती है। रसोई गैस पर सब्सिडी खत्म करने के लिए जो हर महीने इसके दाम में बढ़ोतरी करने का फैसला हुआ है उसके तहत अब सब्सिडी वाले सिलेंडर का दाम 1.50 रुपए प्रति सिलेंडर बढ़ा दिया गया है। दिल्ली में अब सब्सिडी वाले सिलेंडर का दाम बढ़कर 488.68 रुपए हो गया है जो पहले 487.18 रुपए था। सिलेंडर के अलावा हवाई ईंधन की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है।

विमान ईंधन एटीएम के दाम छह प्रतिशत बढ़ गए हैं। अगस्त से यह जेट ईंधन कीमतों में लगातार तीसरी बढ़ोतरी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल कीमतों में मजबूती की वजह से यहां भी एटीएफ के दाम बढ़े हैं। दिल्ली में अब एटीएफ का दाम 3,025 रुपये बढ़कर 53,045 रुपये प्रति किलोलीटर होगा। अभी तक इसकी कीमत 50,020 रुपये प्रति किलोलीटर है। इंडियन आयल कॉरपोरेशन ने नए मूल्यों की जानकारी दी है। इससे पहले एक सितंबर को एटीएफ कीमतों में चार प्रतिशत या 1,910 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी।

पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने 31 जुलाई को लोकसभा को सूचित किया था कि सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों को सब्सिडी वाले सिलेंडर का दाम हर महीने चार रुपये बढ़ाने को कहा है जिससे अगले साल मार्च तक सारी सब्सिडी समाप्त की जा सके। एक अगस्त को सिलेंडर के दाम 2.31 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ाए गए थे। सूत्रों का कहना है कि इसी के मद्देनजर एक सितंबर को पेट्रोलियम कंपनियों ने अधिक मूल्यवृद्धि की है।

पिछले साल जुलाई से मासिक वृद्धि की योजना लागू होने के बाद से सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर का दाम 69.50 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ चुका है। जून, 2016 में 14.2 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर का मूल्य 419.18 रुपये था। सरकार ने इससे पहले पेट्रोलियम कंपनियों को सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर का दाम दो रुपये मासिक (वैट शामिल नहीं) बढ़ाने को कहा था। अब सब्सिडी को शून्य पर लाने के लिए इसे चार रुपये कर दिया गया है।

बिना सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर का दाम भी डेढ़ रुपये बढ़ाकर 599 रुपये कर दिया गया है। इससे पहले एक सितंबर को इसका दाम 73.5 रुपये बढ़ाकर 597.50 रुपये प्रति सिलेंडर किया गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा