1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सभी इमरजेंसी सेवाओं के लिए होगा एक नंबर, एक जनवरी से शुरू होगी 112 की सर्विस

सभी इमरजेंसी सेवाओं के लिए होगा एक नंबर, एक जनवरी से शुरू होगी 112 की सर्विस

 Written By: Dharmender Chaudhary
 Published : May 08, 2016 03:43 pm IST,  Updated : May 08, 2016 03:43 pm IST

देशभर में एकल इमरजेंसी नंबर 112 एक जनवरी से शुरू होगा। इससे उन लोगों को मदद मिल सकेगी जिन्हें पुलिस, एंबुलेंस या अग्निशमन विभाग की सहायता की जरूरत है।

Any Emergency One Number: सभी इमरजेंसी सेवाओं के लिए होगा 112 नंबर, एक जनवरी से शुरू होगी सर्विस- India TV Hindi
Any Emergency One Number: सभी इमरजेंसी सेवाओं के लिए होगा 112 नंबर, एक जनवरी से शुरू होगी सर्विस

नई दिल्ली। देशभर में एकल इमरजेंसी नंबर 112 एक जनवरी से शुरू होगा। इससे उन लोगों को मदद मिल सकेगी जिन्हें पुलिस, एंबुलेंस या अग्निशमन विभाग की सहायता की जरूरत है। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने कहा, एकल इमरजेंसी नंबर 112 एक जनवरी से चालू हो जाएगा। दूरसंचार मंत्री रविशंकर प्रसाद ने सभी आपात सेवाओं के लिए एकल नंबर के प्रावधान को मंजूरी दे दी है। यह अमेरिका में सभी आपात सेवाओं के एक नंबर 911 की तर्ज पर है।

खास बात है कि यह सेवा उन सिम या लैंडलाइन पर भी उपलब्ध होगी जिनकी आउटगोइंग सुविधा रोक दी गई। परेशानी में फंसा कोई भी व्यक्ति 112 नंबर पर कॉल करेगा तो उसकी कॉल तत्काल संबंधित विभाग को स्थानांतरित की जाएगी। 112 नंबर शुरू होने के बाद अन्य सभी मौजूदा आपात नंबर धीरे-धीरे समाप्त हो जाएंगे। यह इस नई सुविधा को लेकर जागरूकता पर निर्भर करेगा।

देश में फिलहाल पुलिस के लिए 100 नंबर डायल करना होता। फायरब्रिगेड के लिए 101, एंबुलेंस के लिए 102 तथा आपात आपदा प्रबंधन के लिए 108 नंबर डायल करना होता है। अधिकारी ने कहा कि दूरसंचार ऑपरेटरों को सभी इमरजेंसी कॉल्स को 112 नंबर पर स्थानांतरित करने को कहा गया है। कोई व्यक्ति एसएमएस के जरिये भी अपनी बात पहुंचा सकता है। यह प्रणाली कॉलर के गंतव्य का पता लगा लेगी और उसे नजदीकी सहायता केंद्र से साझा करेगी। लोग इस 112 नंबर को पैनिक बटन प्रणाली में फीड कर सकेंगे। कानून के तहत पैनिक बटन सुविधा भी सभी मोबाइल फोनों पर एक जनवरी से उपलब्ध होगी। पैनिक बटन के जरिये प्रयोगकर्ता सिर्फ एक बटन दबाकर कई नंबरों पर इमरजेंसी कॉल कर सकेंगे या अलर्ट भेज सकेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा