1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. बाजार में 7 दिन से जारी तेजी का सिलसिला थमा, रिकॉर्ड स्तरों पर पहुंचकर फिसला सेंसेक्स

बाजार में 7 दिन से जारी तेजी का सिलसिला थमा, रिकॉर्ड स्तरों पर पहुंचकर फिसला सेंसेक्स

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Oct 19, 2021 05:08 pm IST,  Updated : Oct 19, 2021 07:14 pm IST

कारोबार के दौरान सेंसेक्स 62,245.43 अंक और निफ्टी 18,604.45 अंक के अपने रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया। आईटी सेक्टर में आज सबसे ज्यादा खरीद दर्ज हुई

बाजार में 7 दिन से जारी...- India TV Hindi
बाजार में 7 दिन से जारी तेजी थमी Image Source : PTI

नई दिल्ली। रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचे शेयर बाजार में आज मुनाफावसूली देखने को मिली, जिसकी वजह से सात कारोबारी सत्रों से जारी तेजी आज थम गई और प्रमुख इंडेक्स नुकसान के साथ बंद हुए। निवेशकों ने आज उच्चस्तर पर पहुंचे शेयरों में मुनाफा काटा जिससे सेंसेक्स करीब 50 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार के दौरान सेंसेक्स अपने ऊपरी स्तरों से 500 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुआ। 

कैसा रहा आज का कारोबार

शेयर बाजार में आज बढ़त के साथ शुरुआत हुई थी। शुरुआती घंटे में भी बाजार में तेज गिरावट हावी हुई लेकिन बाजार इससे तेजी के साथ ऊबरने में कामयाब रहा। हालांकि कारोबार के आखिरी घंटे में एक बार बिकवाली हावी हुई और बाजार सत्र खत्म होने से पहले रिकवरी करने में असफल रहा। हालांकि आखिरी कुछ मिनटों में सेंसेक्स और निफ्टी अपने नुकसान कम करने में जरूर कामयाब हुए । कारोबार के दौरान बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 62,245.43 अंक के अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर तक पहुंच गया हालांकि, अंत में यह 49.54 अंक या 0.08 प्रतिशत के नुकसान से 61,716.05 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 58.30 अंक या 0.32 प्रतिशत के नुकसान से 18,418.75 अंक पर आ गया। दिन में कारोबार के दौरान इसने 18,604.45 अंक के अपने रिकॉर्ड स्तर को छुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में आईटीसी का शेयर सबसे अधिक छह प्रतिशत टूट गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाइटन, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट और पावरग्रिड के शेयर भी नुकसान में रहे। वहीं दूसरी ओर टेक महिंद्रा, एलएंडटी, इन्फोसिस, बजाज फिनसर्व, कोटक बैंक और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में लाभ रहा। 

एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध प्रमुख एस रंगनाथन ने कहा, ‘‘बाजार में मुनाफावसूली का सिलसिला चला। हालांकि, उतार-चढ़ाव के बावजूद आईटी सेक्टर का सूचकांक पूरे दिन मजबूत बना रहा।’’ अन्य एशियाई बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग, चीन का शंघाई कम्पोजिट, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की लाभ में रहे। दोपहर के कारोबार में यूरोपीय बाजार भी लाभ में थे। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट कच्चा तेल 0.66 प्रतिशत बढ़कर 84.89 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा