1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भारत में दस लाख लोग कर रहे व्हॉट्सएप पेमेंट सर्विस की टेस्टिंग, अगले महीने होगी लॉन्‍च

भारत में दस लाख लोग कर रहे व्हॉट्सएप पेमेंट सर्विस की टेस्टिंग, अगले महीने होगी लॉन्‍च

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jun 17, 2018 02:57 pm IST,  Updated : Jun 17, 2018 02:57 pm IST

भारत में करीब दस लाख लोग व्हॉट्सएप पेमेंट सर्विस का परीक्षण कर रहे हैं। कंपनी के एक अधिकारी ने कहा कि हम भारत सरकार, एनपीसीआई और कई बैंकों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं, ताकि इसका विस्तार और लोगों तक किया जा सके।

whatsapp payment- India TV Hindi
whatsapp payment Image Source : WHATSAPP PAYMENT

नई दिल्‍ली। भारत में करीब दस लाख लोग व्हॉट्सएप पेमेंट सर्विस का परीक्षण कर रहे हैं। कंपनी के एक अधिकारी ने कहा कि हम भारत सरकार, एनपीसीआई और कई बैंकों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं, ताकि इसका विस्तार और लोगों तक किया जा सके। 

व्हॉट्सएप पेमेंट सर्विस के शुरू होने से पेटीएम को बड़ी चुनौती मिलेगी। इसका पिछले कुछ माह से बीटा परीक्षण चल रहा है। फेसबुक की इकाई व्हॉट्सएप ने अभी तक अपनी सेवा की शुरुआत की तारीख घोषित नहीं की है, लेकिन इसके अगले कुछ सप्ताह में शुरू होने की उम्मीद है। 

व्हॉट्सएप के एक प्रवक्ता ने कहा कि आज करीब दस लाख लोग व्हॉट्सएप पेमेंट सर्विस का परीक्षण कर रहे हैं। हमें काफी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। लोग एक संदेश भेजने जैसे सुविधाजनक तरीके से पैसा भेजने की सुविधा का आनंद ले रहे हैं।

 प्रवक्ता ने कहा कि व्हॉट्सएप भारत सरकार, नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) और कई बैंकों के साथ मिलकर काम कर रही है, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक इस फीचर को पहुंचाया जा सके और देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था को समर्थन दिया जा सके। 

उल्लेखनीय है कि व्हॉट्सएप को यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (यूपीआई) के जरिये वित्तीय लेनदेन के लिए बैंकों के साथ गठजोड़ करने के लिए एनपीसीआई की अनुमति मिल गई है। पेटीएम के संस्थापक विजय शेखर शर्मा ने इससे पहले इसी साल आरोप लगाया था कि व्हॉट्सएप के भुगतान प्लेटफॉर्म में उपभोक्ताओं के लिए सुरक्षा जोखिम है और यह दिशा-निर्देशों का अनुपालन नहीं कर रही है। 

भारतीय रिजर्व बैंक ने सभी भुगतान प्रणाली परिचालकों के लिए यह अनिवार्य किया है कि भुगतान से संबंधित आंकड़े सिर्फ भारत में स्टोर किए जा सकते हैं। इसे पूरा करने के लिए उन्हें छह महीने का समय दिया गया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा