1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Paytm का IPO 8 नवंबर को खुलेगा, मूल्य दायरा 2080-2150 रुपए तय

Paytm का IPO 8 नवंबर को खुलेगा, मूल्य दायरा 2080-2150 रुपए तय

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Oct 28, 2021 04:41 pm IST,  Updated : Oct 28, 2021 07:38 pm IST

वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनी ने आईपीओ से 18,300 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बनायी है। इसके तहत नये शेयरों से 8,300 करोड़ रुपये और बिक्री पेशकश (ओएफएस) से 10,000 करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे।

Paytm का IPO 8 नवंबर को खुलेगा, मूल्य दायरा 2080-2150 रुपए तय- India TV Hindi
Paytm का IPO 8 नवंबर को खुलेगा, मूल्य दायरा 2080-2150 रुपए तय Image Source : PAYTM

नई दिल्ली: पेटीएम ब्रांड के तहत काम करने वाली डिजिटल कंपनी वन97 कॉम्युनिकेशंस ने बृहस्पतिवार को कहा कि पेटीएम का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम आवेदन के लिये आठ नवंबर को खुलेगा। इसके लिये कीमत दायरा 2,080-2,150 रुपये तय किया गया है। इसके आधार पर कंपनी का मूल्यांकन करीब 1.48 लाख करोड़ रुपये बैठता है। आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिये आवेदन 10 नवंबर तक दिये जा सकेंगे। कोल इंडिया के 2010 में आईपीओ के बाद 18,300 करोड़ रुपये का यह निर्गम देश में सबसे बड़ा होगा। सरकारी स्वामित्व वाली कंपनी ने आईपीओ से 15,200 करोड़ रुपये जुटाए थे।

"यह भारत का युग है"

वन97 कम्युनिकेशंस के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी विजय शेखर शर्मा ने बृहस्पतिवार को एक आईपीओ पूर्व सम्मेलन में कहा कि उन्हें उन निवेशकों से व्यक्तिगत संदेश मिले हैं जो देश में पहली बार निवेश करना चाहते हैं और साथ ही कहा कि "यह भारत का युग है।" वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनी ने आईपीओ से 18,300 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बनायी है। इसमें 8,300 करोड़ रुपये के नये शेयर और 10,000 करोड़ रुपये की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल हैं।

मूल्य दायरा 2080-2150 रुपये प्रति शेयर के बीच

गोल्डमैन सैक्स इंडिया सिक्योरिटीज के प्रबंध निदेशक सुदर्शन रामकृष्ण ने आईपीओ के बारे में जानकारी देते हुए कहा, "मूल्य दायरा 2,080 रुपये से 2,150 रुपये प्रति शेयर के बीच निर्धारित किया गया है, इसका मतलब है कि 19.3 अमेरिकी डॉलर से 19.9 अरब अमेरिकी डॉलर का उद्यम मूल्य होगा।" मौजूदा विनिमय दरों पर, उद्यम मूल्य 1.44 लाख करोड़ रुपये से 1.48 लाख करोड़ रुपये के बीच है।

2020-30 पूरी तरह से भारत का समय

शर्मा ने कहा, "अगर हम कह सकते हैं कि 2010-20 व्यापक रूप से एशिया का, चीन और जापान और अन्य देशों का समय था तो 2020-30 पूरी तरह से भारत का समय है। यह भारत का युग है। चाहे वह एक निजी कंपनी हो, नया स्टार्टअप हो या सूचीबद्ध होने जा रही कंपनी हो या सूचीबद्ध कंपनी हो, यह वह समय है जब दुनिया आपको पैसा देने जा रही है।" ओएफएस में शर्मा द्वारा 402.65 करोड़ रुपये तक, एंटफिन (नीदरलैंड्स) होल्डिंग्स द्वारा 4,704.43 करोड़ रुपये तक, अलीबाबा डॉट कॉम सिंगापुर ई-कॉमर्स द्वारा 784.82 करोड़ रुपये तक और एलिवेशन कैपिटल वी एफआईआई होल्डिंग्स द्वारा 75.02 करोड़ रुपये तक के शेयरों की बिक्री शामिल है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा