Petrol Diesel Price
नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल के दाम में गुरुवार (21 नवंबर) को लगातार दूसरे दिन स्थिरता बनी रही। तेल विपणन कंपनियों ने दोनों वाहन ईंधनों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया। उधर, कच्चे तेल के दाम में पिछले सत्र में आई तेजी के बाद फिर नरमी का रुख देखा जा रहा है। पिछले सत्र में अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में ढाई फीसदी से ज्यादा की तेजी देखी गई।
इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल का दाम क्रमश: 74.20 रुपए, 76.89 रुपए, 79.86 रुपए और 77.13 रुपए प्रति लीटर बना हुआ है। चारों महानगरों में डीजल की कीमत भी बिना किसी बदलाव के क्रमश: 65.84 रुपए, 68.25 रुपए, 69.06 रुपए और 69.59 रुपए प्रति लीटर पर बनी हुई है।
अंतर्राष्ट्रीय वायदा बाजार इंटरकांटिनेंटल एक्सचेंज यानी आईसीई पर ब्रेंट क्रूड का जनवरी अनुबंध गुरुवार को पिछले सत्र से 0.45 फीसदी की नरमी के साथ 62.17 डॉलर प्रति बैरल पर बना हुआ था। जबकि पिछले सत्र में ब्रेंट का भाव 2.53 फीसदी की तेजी के साथ 62.45 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ था। अमेरिकी लाइट क्रूड वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट के जनवरी अनुबंध में बीते सत्र से 0.30 फीसदी की गिरावट के साथ 57.05 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था।
एसएमएस से पता कर सकते हैं अपने शहर का रेट
आप एसएमएस के जरिए भी पेट्रोल-डीजल के दाम चेक कर सकते हैं। बता दें कि उपभोक्ता किसी विशेष रजिस्टडर्ड नंबर पर एसएमएस भेजकर कीमत जान सकते हैं और उन्हें वर्तमान मूल्य के बारे में मैसेज के माध्यम से सूचित किया जाएगा। इंडियन ऑयल ग्राहक RSP<डीलर कोड> 92249 9 2249 को भेज सकते हैं। बीपीसीएल ग्राहकों को RSP<डीलर कोड> 9223112222 पर भेजना होगा, एचपीसीएल ग्राहकों को HPPRICE<डीलर कोड> 9222201122 पर भेजना होगा।
रोज सुबह 6 बजे तय होते हैं दाम
बता दें कि भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों की रोजाना समीक्षा होती है। पेट्रोलियम कंपनियां प्रतिदिन सुबह 6 बजे नई कीमत जारी करती हैं। पेट्रोल और डीजल की कीमत में एक्साइज ड्यूटी, वैट और डीजल कमीशन निहित होता है।







































