1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. एक दिन का ब्रेक और आज फ‍िर बढ़ गए पेट्रोल के दाम, इस शहर में बिक रहा है 88 रुपए लीटर से ज्‍यादा पर

एक दिन का ब्रेक और आज फ‍िर बढ़ गए पेट्रोल के दाम, इस शहर में बिक रहा है 88 रुपए लीटर से ज्‍यादा पर

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Aug 27, 2020 11:52 am IST,  Updated : Aug 27, 2020 11:52 am IST

चारों महानगरों में डीजल की कीमत पूर्ववत क्रमश: 73.56 रुपए, 77.06 रुपए, 80.11 रुपए और 78.86 रुपए प्रति लीटर पर स्थिर बनी हुई है।

petrol price rise again after one day stable- India TV Hindi
petrol price rise again after one day stable Image Source : BUSINESSLINE

नई दिल्‍ली। बुधवार को एक दिन का ब्रेक लेने के बाद पेट्रोल के दाम में गुरुवार को फिर वृद्धि दर्ज की गई, जबकि डीजल की कीमत स्थिर बनी हुई है। देश की राजधानी दिल्ली में 16 अगस्त से लेकर अब तक पेट्रोल के दाम में 1.40 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि हुई है।

तेल विपणन कंपनियों ने गुरुवार को दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 10 पैसे जबकि कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में नौ पैसे प्रति लीटर बढ़ा दी है। इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल की कीमत बढ़कर क्रमश: 81.83 रुपए, 83.33 रुपए, 88.48 रुपए और 84.82 रुपए प्रति लीटर हो गई है।

चारों महानगरों में डीजल की कीमत पूर्ववत क्रमश: 73.56 रुपए, 77.06 रुपए, 80.11 रुपए और 78.86 रुपए प्रति लीटर पर स्थिर बनी हुई है। एक दिन पहले बुधवार को पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ था, जबकि उससे पहले पेट्रोल के दाम में लगातार छह दिनों तक रोजाना वृद्धि हुई।

उधर, अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में गुरुवार को तकरीबन स्थिरता के साथ कारोबार चल रहा था। अंतरराष्‍ट्रीय वायदा बाजार इंटर कांटिनेंटल एक्सचेंज (आईसीई) पर ब्रेंट क्रूड के नवंबर डिलीवरी अनुबंध में पिछले सत्र से 0.13 फीसदी की तेजी के साथ 46.22 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था। जबकि अमेरिकी लाइट क्रूड वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट यानी डब्ल्यूटीआई के अक्टूबर डिलीवरी वायदा अनुबंध में बीते सत्र से महज 0.02 फीसदी की कमजोरी के साथ 43.38 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा