1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. नौ लाख वरिष्ठ नागरिक यात्रियों ने सब्सिडी छोड़ी, रेलवे के बचे 40 करोड़ रुपये

नौ लाख वरिष्ठ नागरिक यात्रियों ने सब्सिडी छोड़ी, रेलवे के बचे 40 करोड़ रुपये

 Written By: Manoj Kumar @kumarman145
 Published : Dec 03, 2017 05:15 pm IST,  Updated : Dec 03, 2017 05:15 pm IST

रेलवे की ‘सब्सिडी छोड़ो’ योजना के तहत नौ लाख से ज्यादा वरिष्ठ नागरिकों ने स्वेच्छा से अपनी टिकट सब्सिडी छोड़ दी है।

नौ लाख वरिष्ठ नागरिक यात्रियों ने सब्सिडी छोड़ी, रेलवे के बचे 40 करोड़ रुपये- India TV Hindi
नौ लाख वरिष्ठ नागरिक यात्रियों ने सब्सिडी छोड़ी, रेलवे के बचे 40 करोड़ रुपये

नई दिल्ली। सरकार के सब्सिडी खर्च को कम करने के अभियान में रेल से यात्रा करने वाले वरिष्ठ नागरिक भी शामिल हो गए हैं। रेलवे की ‘सब्सिडी छोड़ो’ योजना के तहत नौ लाख से ज्यादा वरिष्ठ नागरिकों ने स्वेच्छा से अपनी टिकट सब्सिडी छोड़ दी है। इससे रेलवे को करीब 40 करोड़ रुपये की बचत हुई है। इस योजना को पिछले साल शुरु किया गया था। इसमें वरिष्ठ नागरिकों को उनके टिकट पर दी जाने वाली कुल छूट का इस्तेमाल करने या छूट की पूरी राशि छोड़ देने का विकल्प दिया गया। इस साल एक नया विकल्प भी उनके लिए जोड़ा गया जिसमें वरिष्ठ नागरिकों को अपनी सब्सिडी का 50% तक छोड़ने की सुविधा दी गई।

इस योजना को शुरु करने का मकसद वरिष्ठ नागरिकों को दी जाने वाली 1300 करोड़ रुपये की सब्सिडी के बोझ से रेलवे को राहत दिलाना है। इस प्रकार 22 जुलाई से 22 अक्तूबर 2017 की अवधि में 2.16 लाख पुरुषों और 2.67 लाख महिलाओं ने जहां अपनी पूरी सब्सिडी छोड़ दी। वहीं 2.51 लाख पुरुष और 2.05 लाख महिलाओं ने अपनी 50 प्रतिशत सब्सिडी नहीं इस्तेमाल करने का निर्णय किया है। कुल मिलाकर इन तीन महीनों में 9.39 लाख वरिष्ठ नागरिकों ने अपनी सब्सिडी छोड़ी है।

पिछले साल इसी अवधि में कुल 4.68 लाख वरिष्ठ नागरिकों ने अपनी सब्सिडी छोड़ी थी जिसमें 2.35 लाख पुरूष और 2.33 लाख महिलाएं हैं। मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आंकड़े दिखाते हैं कि सब्सिडी छोड़ने वालों की संख्या एक साल में दोगुना हो गई। यह रेलवे के लिए एक अच्छी खबर है। हम सब्सिडी में कटौती करके अपने घाटे को कम करना चाहते हैं।

रेलवे यात्रा किराये का लगभग 43% खुद से वहन करता है जो करीब 30,000 करोड़ रुपये सालाना बैठता है। इसमें भी 1600 करोड़ रुपये वह विविध श्रेणियों को यात्रा में छूट के तौर पर देता है। टिकट बिक्री से वह यात्रा किराए का मात्र 57% ही जुटाता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा