1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भारतीय स्‍टार्टअप्‍स पर है जापान के सॉफ्टबैंक की नजर, 10 अरब डॉलर का निवेश करने की योजना

भारतीय स्‍टार्टअप्‍स पर है जापान के सॉफ्टबैंक की नजर, 10 अरब डॉलर का निवेश करने की योजना

 Written By: Abhishek Shrivastava
 Published : Jan 16, 2016 04:15 pm IST,  Updated : Jan 16, 2016 04:15 pm IST

सॉफ्टबैंक के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यकारी मासायोशी सन ने कहा कि भारत में इंटरनेट और सौर ऊर्जा ऐसे क्षेत्र हैं जिन्हें लेकर वह उत्साहित हैं।

भारतीय स्‍टार्टअप्‍स पर है जापान के सॉफ्टबैंक की नजर, 10 अरब डॉलर का निवेश करने की योजना- India TV Hindi
भारतीय स्‍टार्टअप्‍स पर है जापान के सॉफ्टबैंक की नजर, 10 अरब डॉलर का निवेश करने की योजना

नई दिल्‍ली। जापान के साफ्टबैंक ने भारत में तेजी से विकास की संभावनाओं पर शनिवार को कहा कि उसने पिछले एक साल के दौरान भारतीय स्‍टार्टअप्‍स और कंपनियों में दो अरब डॉलर का निवेश किया है और वह आने वाले वर्षों में अपने निवेश को बढ़ाकर 10 अरब डॉलर तक पहुंचाएगा। सॉफ्टबैंक के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यकारी मासायोशी सन ने कहा कि भारत में इंटरनेट और सौर ऊर्जा ऐसे क्षेत्र हैं जिन्हें लेकर वह उत्साहित हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस मामले में वह चाहते हैं कि सरकार मोबाइल फोन के लिए बेहतर ढांचागत सुविधाएं खड़ी करे और इंटरनेट की धीमी गति से जुड़ी समस्याओं को जल्‍द सुलझाए।

मासायोशी ने स्टार्टअप इंडिया सम्मेलन में कहा कि यदि मैं नए सिरे से इसका आकलन करूंगा तो मैं इसे बढ़ाऊंगा। दस अरब डॉलर का क्या बनेगा, मुझे नहीं मालूम। मैंने यदि यह कहा कि हम 10 साल में 10 अरब डॉलर निवेश करेंगे तो हमने एक साल में दो अरब डॉलर निवेश किया है। यह काफी तेजी से आगे बढ़ा है और मैं समझता हूं कि हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह हर यात्रा में जितना भारत के बारे में ज्यादा जानकारी हासिल करते हैं उतना ही वह उत्साहित होते हैं।

उन्होंने कहा कि 21वीं सदी भारत की सदी है और भारत में व्यापक संभावनाएं हैं। हर बाजार अलग है और सही मायनों में मैं मानता हूं कि यह भारत के लिए बड़ी शुरुआत है। मासायोशी ने कहा कि अगले 10 साल के दौरान भारत वह वृद्धि हासिल करेगा जो कि चीन ने पिछले 10 साल के दौरान देखी है और मेरे विचार से यह इससे बड़ी भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि भारत काफी स्मार्ट हैं, यहां लोग अंग्रेजी बोलते हैं, आईटी क्षेत्र के जानकार हैं। ये सभी बातें मुझे विश्वास दिलाती हैं कि 21वीं सदी इसकी सदी है।

जापान के दूसरे सबसे धनी व्यक्ति मासायोशी, जिनकी नेटवर्थ 14.1 अरब डॉलर है, ने कहा कि ढांचागत सुविधाएं काफी महत्वपूर्ण हैं और भारत में मोबाइल ब्रॉडबैंड सुविधाएं कमजोर हैं। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि मोबाइल इंटरनेट काफी धीमा है। मोबाइल रखने वालों के लिए और ज्यादा स्पेक्ट्रम आवंटित किया जाना चाहिए ताकि उनको अच्छा मोबाइल ब्रॉडबैंड उपलब्ध हो सके। सॉफ्टबैंक पहले ही ऑनलाइन बाजार स्नैपडील में 62.70 करोड़ डॉलर निवेश कर चुका है। इसके अलावा प्रापर्टी साइट हाउसिंग डॉट कॉम में भी उसने थोड़ा निवेश किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा