1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. महिलाओं के जन धन खाते में जारी राहत राशि को लेकर अफवाहों पर ध्यान न दें: वित्त मंत्रालय

महिलाओं के जन धन खाते में जारी राहत राशि को लेकर अफवाहों पर ध्यान न दें: वित्त मंत्रालय

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Apr 09, 2020 06:07 pm IST,  Updated : Apr 09, 2020 06:10 pm IST

सरकार द्वारा पैसे वापस लेने की अफवाह पर बैंकों में लाभार्थियों की भीड़ जुटी

Jan Dhan account cash transfer- India TV Hindi
Jan Dhan account cash transfer

नई दिल्ली। वित्त मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत महिला खाताधारकों के खातों में जमा की जा रही राहत राशि को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहें। मंत्रालय ने साफ किया कि अगले दो माह के दौरान 500-500 रुपये की दो समान किस्तों में 1,000 रुपये डाले जाएंगे। इस बीच, सार्वजनिक क्षेत्र के भारतीय स्टेट बैंक ने लाभार्थियों से कहा है कि वे इन अफवाहों पर ध्यान नहीं दें कि यदि वे इस पैसे को नहीं निकालेंगी तो सरकार उसे वापस ले लेगी। इन अफवाहों के चलते बड़ी संख्या में लोग बैंकों में पैसा निकालने के लिए जुट रहे हैं। महिला जन धन खाताधारकों के खातों में पहली किस्त के रूप में अप्रैल में 500 रुपये डाले गए हैं।

एसबीआई में सबसे ज्यादा जनधन खाते हैं। इसके चलते बैंकों की शाखाओं में भीड जमा हो रही है और कोरोना वायरस पर अंकुश के लिए सामाजिक दूरी दिशानिर्देशों का उल्लंघन हो रहा है। वित्तीय सेवा विभाग ने ट्वीट में कहा है कि सरकार ने अप्रैल के लिए महिला जनधन खाताधारकों के खातों में 500-500 रुपये डाल दिए हैं। लाभार्थी इस पैसे को कभी भी निकाल सकते हैं। विभाग ने कहा है कि मई और जून में इन खाताधारकों के खातों में 500- 500 रुपये और डाले जाएंगे। विभाग ने लाभार्थियों से किसी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने को कहा है। लाभार्थियों से कहा गया है कि वे अपनी सुविधानुसार एटीएम या बैंक से पैसा निकाल सकते हैं। पीएमजेडीवाई के तहत कुल खातों की संख्या 38.08 करोड़ है। इनमें से 20.60 करोड़ महिला खाताधारक हैं। एक अप्रैल तक पीएमजेडीवाई खातों में 1.19 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा