1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. कमजोर विदेशी संकेतों से शेयर बाजार में बढ़त थमी, निफ्टी 14900 के नीचे बंद

कमजोर विदेशी संकेतों से शेयर बाजार में बढ़त थमी, निफ्टी 14900 के नीचे बंद

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : May 11, 2021 05:14 pm IST,  Updated : May 11, 2021 05:14 pm IST

निजी बैंकों में 0.91 प्रतिशत की गिरावट रही है। फाइनेशियल सर्विस सेक्टर 1.29 प्रतिशत, आईटी सेक्टर 0.63 प्रतिशत, बैंकिंग सेक्टर 0.82 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ है।

शेयर बाजार में गिरावट- India TV Hindi
शेयर बाजार में गिरावट Image Source : PTI

नई दिल्ली। शेयर बाजार में पिछले चार कारोबारी सत्रों से जारी तेजी पर मंगलवार को विराम लग गया और सेंसेक्स 341 अंक लुढ़क कर बंद हुआ। एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी, कोटक बैंक और टीसीएस जैसी सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाली कंपनियों के शेयरों में गिरावट से बाजार नीचे आया। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 341 अंक यानी 0.69 प्रतिशत घटकर 49,162 अंक पर बंद हुआ। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 92 अंक यानी 0.61 प्रतिशत की गिरावट के साथ 14,850.75 अंक पर बंद हुआ। 

कैसा रहा शेयरों का प्रदर्शन

सेंसेक्स के शेयरों में सर्वाधिक 3 प्रतिशत का नुकसान कोटक बैंक को हुआ। इसके अलावा एचडीएफसी, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, टेक महिंद्रा, एचयूएल और टाइटन आदि शेयरों में गिरावट रही। दूसरी तरफ, एनटीपीसी, ओएनजीसी, पावरग्रिड, सन फार्मा, अल्ट्राटेक सीमेंट और एसबीआई लाभ में रहने वाले शेयरों में शामिल हैं। 

क्यों आई बाजार में बढ़त
रिलायंस सिक्योरिटीज के रणनीति प्रमुख विनोद मोदी के अनुसार वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख और बिकवाली दबाव से इंडेक्स नीचे आये। उन्होंने कहा, ‘‘विभिन्न देशों में कमोडिटी के दाम तेजी से बढ़ने के बाद महंगाई बढ़ने को लेकर चिंता के बीच एशियाई बाजारों में गिरावट रही। इसके अलावा चीन में मुद्रास्फीति आंकड़ा भी सेंटीमेंट्स को प्रभावित कर रहा है।’’ आज के कारोबार में सरकारी बैंकों में 1.12 प्रतिशत की बढ़त रही है। वहीं रियल्टी सेक्टर में 0.3 प्रतिशत की बढ़त रही है। वहीं निजी बैंकों में 0.91 प्रतिशत की गिरावट रही है। फाइनेशियल सर्विस सेक्टर 1.29 प्रतिशत, आईटी सेक्टर 0.63 प्रतिशत, बैंकिंग सेक्टर 0.82 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ है।

कैसे रहे विदेशी संकेत
एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग, टोक्यो और सियोल में गिरावट रही जबकि शंघाई बाजार लाभ में रहा। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरूआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.66 प्रतिशत की गिरावट के साथ 67.87 डॉलर पर पहुंच गया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा