1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. बजट से उत्साहित निवेशकों की बाजार में खरीदारी जारी, निफ्टी 14600 के ऊपर हुआ बंद

बजट से उत्साहित निवेशकों की बाजार में खरीदारी जारी, निफ्टी 14600 के ऊपर हुआ बंद

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Feb 02, 2021 04:21 pm IST,  Updated : Feb 02, 2021 04:30 pm IST

आज के कारोबार में करीब 240 शेयर साल के उच्चतम स्तरों तक पहुंचे हैं। वहीं 42 स्टॉक आज अपने ऑल टाइम हाई पर पहुंचे हैं। टाटा मोटर्स में 15 फीसदी से ज्यादा की बढ़त रही है।

बाजार में लगातार...- India TV Hindi
बाजार में लगातार दूसरे दिन बढ़त Image Source : PTI

नई दिल्ली: बजट के बाद शेयर बाजार में तेजी जारी है। आज के कारोबार में सेंसेक्स ने एक बार फिर 50 हजार का स्तर पार किया। वहीं निफ्टी भी 14700 के स्तर के पार पहुंच गया। मंगलवार को सेंसेक्स 1197 अंक की बढ़त के साथ 49798 के स्तर पर और निफ्टी 367 अंक की बढ़त के साथ 14648 के स्तर पर बंद हुआ है। आज के कारोबार में ऑटो सेक्टर में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली है।

क्यों आई बाजार में बढ़त

उम्मीदों से बेहतर बजट के बाद निवेशकों की तरफ से बाजार में खरीद देखने को मिली है। वहीं बजट से पहले बाजार में बिकवाली का दौर देखने को मिला था। जिससे कई स्टॉक निचले स्तरों पर पहुंच गए थे। इसके साथ ही विदेशी बाजारों से मिले संकेत भी सकारात्मक रहे हैं। घरेलू बाजार के बंद होते वक्त यूरोपियन बाजारों में बढ़त देखने को मिल रही थी। वहीं एशिया में चीन, हॉन्गकॉन्ग और जापान के शेयर बाजार आज बढ़त के साथ बंद हुए।

कैसा रहा सेक्टर और शेयरों का प्रदर्शन

आज के कारोबार में सबसे ज्यादा बढ़त ऑटो सेक्टर में देखने को मिली है। इंडेक्स आज 4.01 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ है। वहीं रियल्टी सेक्टर इंडेक्स में आज 3.79 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। निजी बैंकों, सरकारी बैंक, वित्तीय सेवा देने वाली कंपनियों के सेक्टर इंडेक्स में 3 फीसदी से ज्यादा की तेजी रही है। आईटी और फार्मा सेक्टर में 2 फीसदी से ज्यादा और मेटल सेक्टर में करीब 2 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। निफ्टी में शामिल 43 स्टॉक आज बढ़त के साथ बंद हुए हैं, इसमें से 9 स्टॉक 5 फीसदी से ज्यादा बढ़कर बंद हुए हैं। टाटा मोटर्स आज 16.93 फीसदी, श्री सीमेंट 7.29 फीसदी और अल्ट्रा टेक सीमेंट 6.98 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ है।

कितने शेयर पहुंचे रिकॉर्ड हाई पर

आज के कारोबार में करीब 240 शेयर साल के उच्चतम स्तरों तक पहुंचे हैं। वहीं 42 स्टॉक आज अपने ऑल टाइम हाई पर पहुंचे हैं। 52 हफ्ते के उच्चतम स्तर पहुंचने वाले स्टॉक्स में अंबुजा सीमेंट, बजाज ऑटो, अशोक लेलैंड, बजाज फिनसर्व, ग्रासिम, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, इंडियन बैंक, आईटीसी, रेडिको, एसबीआई, टाटा मोटर्स, टीवीएस मोटर शामिल हैं। वहीं आज बाजार के तेज उछाल के बीच भी करीब 50 स्टॉक साल के निचले स्तरों पर पहुंचे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा