1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सब्सिडी वाला LPG सिलेंडर हुआ दो रुपए महंगा, बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर की कीमत 40 रुपए घटी

सब्सिडी वाला LPG सिलेंडर हुआ दो रुपए महंगा, बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर की कीमत 40 रुपए घटी

 Written By: Abhishek Shrivastava
 Published : Aug 02, 2017 11:12 am IST,  Updated : Aug 02, 2017 11:16 am IST

सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर (एलपीजी) दो रुपए महंगा हो गया है, जबकि बिना-सब्सिडी वाले सिलेंडरों की कीमत 40 रुपए कम की गई है।

सब्सिडी वाला LPG सिलेंडर हुआ दो रुपए महंगा, बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर की कीमत 40 रुपए घटी- India TV Hindi
सब्सिडी वाला LPG सिलेंडर हुआ दो रुपए महंगा, बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर की कीमत 40 रुपए घटी

नई दिल्ली। सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर (एलपीजी) दो रुपए महंगा हो गया है, जबकि बिना-सब्सिडी वाले सिलेंडरों की कीमत 40 रुपए कम की गई है। सब्सिडी वाले सिलेंडरों की कीमत में वृद्धि सरकार के इस वित्‍त वर्ष के अंत तक सब्सिडी को पूरी तरह से खत्म करने की योजना के अनुरूप है।

देश की सबसे बड़ी ईंधन बिक्री कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अनुसार सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर की दिल्ली में नई कीमत अब 479.77 रुपए होगी, जो पहले 477.46 रुपए थी। इंडियन ऑयल ने कहा कि गैर-सब्सिडी वाले सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 524 रुपए है, जो इससे पहले के 564 रुपए से कम है। इस प्रकार अब दोनों तरह के सिलेंडरों की कीमत का अंतर 44.23 रुपए रह गया है।

पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने लोक सभा में कहा था कि सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों से सब्सिडी वाले सिलेंडरों की कीमत हर महीने 4 रुपए बढ़ाने को कहा है ताकि अगले साल मार्च के अंत तक सभी तरह की सब्सिडी को हटाया जा सके। इससे पहले सरकार ने इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम से सब्सिडी वाले सिलेंडरों की कीमत दो रुपए प्रति माह बढ़ाने के लिए कहा था।

इसी के साथ तेल कंपनियों ने विमान ईंधन की कीमत में 2.3 प्रतिशत की वृद्धि की है, जो वैश्विक कीमतों के अनुरूप है। विमान ईंधन की कीमत अब 48,110 रुपए प्रति किलोलीटर है, जो पहले 47,013 रुपए थी। इस प्रकार उसकी कीमत में करीब 1097 रुपए प्रति किलोलीटर वृद्धि हुई है।

इससे पहले सिलेंडरों की कीमत में 1 जुलाई को 32 रुपए की वृद्धि की गई थी, जो पिछले 6 सालों में की गई सबसे अधिक वृद्धि थी। देश में सब्सिडी वाले सिलेंडरों के कुल 18.11 करोड़ ग्राहक हैं, जिसमें 2.6 करोड़ वह गरीब महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त एलपीजी कनेक्शन दिए गए हैं। गैर सब्सिडी वाले सिलेंडरों के देश में कुल 2.66 करोड़ ग्राहक हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा