1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दूसरी लहर के प्रभाव से तेजी से उबरेगी अर्थव्यवस्था, लॉकडाउन का असर सीमित : सर्वे

दूसरी लहर के प्रभाव से तेजी से उबरेगी अर्थव्यवस्था, लॉकडाउन का असर सीमित : सर्वे

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jul 11, 2021 02:05 pm IST,  Updated : Jul 11, 2021 02:07 pm IST

सर्वे में शामिल करीब 60 प्रतिशत सीईओ ने कहा कि उनकी कंपनी की बिक्री में सुधार महामारी की पहली लहर की तुलना में अधिक तेजी से होगा। 

अर्थव्यवस्था में तेज...- India TV Hindi
अर्थव्यवस्था में तेज रिकवरी का अनुमान Image Source : FILE

नई दिल्ली।भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर एक राहत की खबर.। एक सर्वे में अनुमान दिया गया है कि भारतीय अर्थव्यवस्था कोविड-19 की दूसरी लहर के प्रभाव से तेजी से उबर सकती है। ये सर्वे भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) ने किया है। सर्वे में कहा गया है कि दूसरी लहर के दौरान लॉकडाउन मुख्य रूप से सामाजिक आयोजनों या भीड़भाड़ को सीमित करने के लिए लगाया गया था। इनसे आर्थिक गतिविधियां अधिक प्रभावित नहीं हुईं। सर्वे में शामिल करीब 60 प्रतिशत सीईओ ने कहा कि उनकी कंपनी की बिक्री में सुधार महामारी की पहली लहर की तुलना में अधिक तेजी से होगा। 

सीआईआई के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी ने कहा, ‘‘सीआईआई के सीईओ के सर्वे में 119 शीर्ष कंपनियों की राय को शामिल किया गया है। सर्वे से संकेत मिलता है कि दूसरी लहर के प्रभाव से अर्थव्यवस्था अधिक तेजी से उबरेगी। दूसरी लहर से आर्थिक गतिविधियां अधिक प्रभावित नहीं हुईं, क्योंकि इस दौरान लॉकडाउन भीड़भाड़ को कम करने के लिए लगाया गया था। पहली लहर की तुलना में दूसरी लहर में लॉकडाउन का अर्थव्यवस्था की वृद्धि पर सीमित असर होगा।’’ सर्वे में कहा गय है कि दूसरी लहर के आर्थिक गतिविधियों पर प्रभाव को कम करने और उपभोक्ता धारणा को मजबूत करने के लिए टीकाकरण सबसे महत्वपूर्ण है। सर्वे में शामिल 60 प्रतिशत सीईओ ने कहा कि उनकी कंपनियों ने दूसरी लहर के दौरान अपने परिचालन को कम किया। सर्वे में शामिल 81 प्रतिशत सीईओ ने कहा कि दूसरी लहर से चालू साल की पहली छमाही में उनके क्षेत्र का निर्यात पिछले साल की समान अवधि की तुलना में अधिक प्रभावित नहीं होगा। सर्वे में कहा गया है कि वैश्विक स्तर पर बड़े प्रोत्साहनों तथा टीकाकरण की तेज रफ्तार से मांग की स्थिति बेहतर है।

देश में कोरोना की दूसरी लहर अब नियंत्रण में आ रही है, सक्रिय मामलों में तेजी से गिरावट दर्ज हुई है, इसे देखते हुए राज्य सरकारों ने प्रतिबंधों में ढील देनी शुरू कर दी है। इसके साथ ही कोरोना वैक्सीनेशन में तेजी से भी सेटीमेंट्स में सुधार देखने को मिला है।

यह भी पढ़ें: अगले हफ्ते करना चाहते हैं बाजार से कमाई, जानिये क्या है एक्सपर्ट्स की राय

यह भी पढ़ें: ICICI Bank: एटीएम से कैश निकालने पर बढ़ी फीस, जानिये कितना बढ़ेगा जेब पर बोझ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा