1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. अगले हफ्ते करना चाहते हैं बाजार से कमाई, जानिये क्या है एक्सपर्ट्स की राय

अगले हफ्ते करना चाहते हैं बाजार से कमाई, जानिये क्या है एक्सपर्ट्स की राय

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jul 11, 2021 01:48 pm IST,  Updated : Jul 11, 2021 01:48 pm IST

इस सप्ताह इन्फोसिस और विप्रो के अलावा माइंडट्री, टाटा एलेक्सी और एचडीएफसी एएमसी के तिमाही नतीजों की घोषणा होनी है। इसके अलावा सप्ताह के दौरान औद्योगिक उत्पादन (आईआईपी), खुदरा और थोक मुद्रास्फीति के आंकड़े भी आने हैं।

क्या है इस हफ्ते के...- India TV Hindi
क्या है इस हफ्ते के प्रमुख संकेत Image Source : MARKET

नई दिल्ली। शेयर बाजार में आने वाला हफ्ता स्टॉक स्पेस्पिक एक्शन का रह सकता है। बाजार के जानकारों के मुताबिक रिजल्ट सीजन की शुरुआत हो गयी है और आने वाले हफ्ते में आईटी क्षेत्र की प्रमुख कंपनियां अपने नतीजे जारी करेंगी, जिसका असर कंपनियों के स्टॉक्स पर और सेक्टर पर देखने को मिलेगा। इसके साथ ही आर्थिक आंकड़े, विदेशी बाजारों के संकेत और कोविड पर अपडेट भी बाजार पर अपना असर डालेंगे। 

क्या है इस हफ्ते के प्रमुख संकेत

इस सप्ताह इन्फोसिस और विप्रो के अलावा माइंडट्री, टाटा एलेक्सी और एचडीएफसी एएमसी के तिमाही नतीजों की घोषणा होनी है। इसके अलावा सप्ताह के दौरान औद्योगिक उत्पादन (आईआईपी), खुदरा और थोक मुद्रास्फीति के आंकड़े भी आने हैं। बाजार की नजर कोविड के वेरिएंट, टीकाकरण में तेजी पर भी रहेगी।

क्या है बाजार के जानकारों की राय

रेलिगेयर ब्रोकिंग के उपाध्यक्ष शोध अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘इस सप्ताह बाजार तिमाही नतीजों, वृहद आर्थिक आंकड़ों जैसे आईआईपी, खुदरा मुद्रास्फीति और थोक मुद्रास्फीति से दिशा लेगा। इसके अलावा मानसून की प्रगति, कोविड-19 के नए प्रकार आदि से जुड़ी खबरों पर भी निवेशकों की निगाह रहेगी।’’ मिश्रा ने कहा कि इसके साथ निवेशकों की निगाह कोरोना वायरस के मामलों तथा डेल्टा वैरिएंट के प्रसार पर रहेगी। 

कोटक सिक्योरिटीज के कार्यकारी उपाध्यक्ष (इक्विटी तकनीकी शोध) श्रीकान्त चौहान ने कहा, ‘‘आगे चलकर बाजार की निगाह मुद्रास्फीति, कच्चे तेल की कीमतों, बांड पर प्राप्ति तथा डेल्टा वायरस के प्रसार पर रहेगी।’’ 

रिलायंस सिक्योरिटीज के रणनीति प्रमुख विनोद मोदी ने कहा, ‘‘हमारे विचार में मानसून की प्रगति, पहली तिमाही के नतीजों तथा कोविड-19 के रुख से निकट भविष्य में बाजार की दिशा तय होगी।’’ जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘इस सप्ताह पहली तिमाही के नतीजों के अलावा कई प्रमुख आर्थिक आंकड़े भी आएंगे, जो बाजार की दिशा तय करेंगे।’’ विश्लेषकों ने कहा कि इसके अलावा निवेशकों की निगाह कच्चे तेल की कीमतों, डॉलर के मुकाबले रुपये के उतार-चढ़ाव तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों के निवेश के रुख पर भी रहेगी। 

कैसा रहा बीता हफ्ता
बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 98.48 अंक या 0.18 प्रतिशत के नुकसान में रहा। हफ्ते के दौरान टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और रिलायंस इंडस्ट्रीज में गिरावट देखने को मिली ।  इन्फोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईसीआईसीआई बैंक और भारतीय स्टेट बैंक भी नुकसान में रहे।

यह भी पढ़ें: एक साल में यहां 1 लाख रुपये बने 9 लाख रुपये, जानिये कहां मिला इतना फायदा

यह भी पढ़ें: ICICI Bank: एटीएम से कैश निकालने पर बढ़ी फीस, जानिये कितना बढ़ेगा जेब पर बोझ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा