1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. बाहरी लोगों के अमेरिका आने पर लगेगी अस्थाई रोक, जल्द जारी होगा आदेश: ट्रंप

बाहरी लोगों के अमेरिका आने पर लगेगी अस्थाई रोक, जल्द जारी होगा आदेश: ट्रंप

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Apr 21, 2020 07:04 pm IST,  Updated : Apr 21, 2020 07:06 pm IST

अमेरिकी सरकार ने फिलहाल जानकारी नहीं दी कि राष्ट्रपति फैसले पर कब हस्ताक्षर करेंगे

US President- India TV Hindi
US President Image Source :

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह जल्द ही बाहरी लोगों के अमेरिका आने पर अस्थाई रोक लगाने जा रहे हैं। ट्रंप के मुताबिक कोरोना वायरस महामारी के अदृश्य हमले से लड़ने और अमेरिकी लोगों की नौकरी बचाने के आदेश पर वो जल्द ही दस्तखत करेंगे। हालांकि, उनके इस कदम का विरोध भी शुरू हो गया है। भारतीय मूल की सीनेटर कमला हैरिस सहित डेमोक्रेट सदस्यों ने इस फैसले की आलोचना की है।

जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय के अनुसार अमेरिका में कोरोना वायरस संक्रमण से 42,094 लोगों की मौत हो चुकी है और साढ़े सात लाख से अधिक लोग संक्रमित हैं। ट्रंप ने सोमवार रात ट्वीट किया कि अदृश्य दुश्मन के हमले के मद्देनजर, साथ ही हमारे अमेरिकी नागरिकों की नौकरियों को बचाने के लिए, वो बाहरी लोगों के संयुक्त राज्य अमेरिका में प्रवास के लिये आने को अस्थाई रूप से निलंबित करने के लिए एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करेंगे।

ट्रम्प के कार्यकारी आदेश का ब्यौरा फिलहाल सामने नहीं आया है। उन्होंने यह भी नहीं बताया कि वह इस आदेश पर कब हस्ताक्षर करेंगे। हालांकि, एनबीसी न्यूज ने एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के हवाले से कहा है कि इस कदम पर अभी विचार किया जा रहा है। ट्रंप ने अप्रवासन वीजा को निलंबित करने की बात की है, गौरतलब है कि भारतीय आईटी पेशेवरों के बीच लोकप्रिय एच-1बी वीजा एक गैर-प्रवासी वीजा है। चूंकि ट्रंप ने यह तर्क दिया है कि अमेरिकी नागरिकों की नौकरियों की रक्षा करने की जरूरत है, ऐसे में गैर- प्रवासी वीजा भी उनके निशाने पर आ सकता है।

कोरोना वायरस महामारी के चलते अमेरिका में रिकॉर्ड संख्या में छंटनी हो रही है और पिछले सप्ताह 2.2 करोड़ अमेरिकी नागरिकों ने बेरोजगारी लाभ के लिए आवेदन किया है। ट्रंप के इस बयान की डेमोक्रेट और अप्रवासन की पैरोकारी करने वालों ने तीखी आलोचना की है। कैलिफोर्निया से भारतीय मूल की डेमोक्रेट सीनेटर हैरिस ने कहा कि ट्रंप हालात का फायदा उठाकर अपनी कठोर अप्रवासन नीतियों को आगे बढ़ाना चाहते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा