देश की प्रमुख एयरलाइन एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए हवाई यात्रा को और किफायती बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने नया ‘बेसिक फेयर’ लॉन्च किया है, जिसके जरिए अब यात्री अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से टिकट चुन सकेंगे। यह नया ऑप्शन खासतौर पर उन लोगों के लिए है जो कम कीमत में हवाई सफर करना चाहते हैं और एक्स्ट्रा सर्विस के लिए ज्यादा भुगतान नहीं करना चाहते।
एयर इंडिया का नया बेसिक फेयर फिलहाल चुनिंदा घरेलू रूट्स पर शुरू किया गया है। यह केवल इकोनॉमी क्लास यात्रियों के लिए उपलब्ध होगा। इस किराए में यात्रियों को 15 किलोग्राम चेक-इन बैगेज और 7 किलोग्राम केबिन बैगेज की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा चाय और कॉफी जैसी पेय सेवाएं भी मुफ्त दी जाएंगी। हालांकि, इस टिकट में मुफ्त भोजन शामिल नहीं होगा, जिससे टिकट की कीमत पहले के मुकाबले कम रखी जा सकेगी।
यात्रियों को मिलेगा अपनी पसंद का ऑप्शन
एयर इंडिया पहले से ही वैल्यू, क्लासिक और फ्लेक्स नाम के तीन किराया ऑप्शन दे रही है। इन सभी में भोजन और अन्य सुविधाएं शामिल रहती हैं। अब बेसिक फेयर के जुड़ने से यात्रियों के पास एक और सस्ता ऑप्शन उपलब्ध हो गया है। कंपनी का कहना है कि हर यात्री की जरूरत अलग होती है। कुछ लोग केवल कम कीमत में यात्रा करना चाहते हैं, जबकि कुछ अतिरिक्त सुविधाओं के लिए ज्यादा भुगतान करना पसंद करते हैं। इसी सोच के तहत यह नया मॉडल तैयार किया गया है।
जरूरत हो तो बाद में खरीद सकते हैं खाना
बेसिक फेयर चुनने वाले यात्री उड़ान से 24 घंटे पहले भोजन भी खरीद सकते हैं। इसमें शाकाहारी, मांसाहारी, जैन और डायबिटिक मील जैसे कई ऑप्शन उपलब्ध होंगे। यदि किसी कारण से फ्लाइट का समय बदलता है, तो पहले से बुक किया गया भोजन नई फ्लाइट में ट्रांसफर कर दिया जाएगा या फिर उसका पूरा पैसा वापस कर दिया जाएगा।
फिलहाल ट्रायल के तौर पर शुरू
एयर इंडिया ने बताया कि बेसिक फेयर अभी पायलट प्रोजेक्ट के रूप में कुछ घरेलू रूट्स पर शुरू किया गया है। यात्रियों की प्रतिक्रिया और मांग को देखते हुए भविष्य में इसे अन्य रूट्स पर भी लागू किया जा सकता है।