एयरलाइन कंपनियों के लिए अच्छी खबर है। एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी एटीएफ की कीमतों में कटौती की गई है। विमान ईंधन की कीमतों में तीन प्रतिशत की कटौती की गई है। रविवार को कीमतों में कटौती की घोषणा की गई है। यह लगातार तीसरा महीना है, जब विमान ईंधन के दाम घटे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेंचमार्क क्रूड ऑयल और गैस की कीमतों में कमी के बाद घरेलू बाजार में कीमतें घटाई गई हैं। एविएशन फ्यूल में कटौती के बाद अब फ्लाइट टिकट्स के दाम भी कम किये जा सकते हैं। इसके अलावा आज होटल और रेस्तरां में इस्तेमाल होने वाले 19 किलोग्राम के कमर्शियल सिलेंडर के दाम भी घटाए गए हैं।
क्या हो गई हैं कीमतें?
सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमत 2,414.25 रुपये प्रति किलोलीटर या 2.82 प्रतिशत घटकर 83,072.55 रुपये प्रति किलोलीटर रह गई है। इससे पहले एक मई को एटीएफ के दाम 4.4 प्रतिशत (3,954.38 रुपये प्रति किलोलीटर) और एक अप्रैल को 6.15 प्रतिशत (5,870.54 रुपये प्रति किलोलीटर) घटाए गए थे। रविवार को हुई इस कटौती के बाद इस साल की शुरुआत में एटीएफ कीमतों में जो वृद्धि हुई थी, उसकी काफी हद तक भरपाई हो गई है।
एयरलाइंस का बोझ होगा कम
एटीएफ की कीमत में कमी से वाणिज्यिक एयरलाइन कंपनियों पर बोझ कम होगा। एयरलाइन कंपनियों की परिचालन लागत में 40 प्रतिशत हिस्सा विमान ईंधन का बैठता है। मूल्य कटौती पर एयरलाइन कंपनियों से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। मुंबई में एटीएफ की कीमत 79,855.59 रुपये से घटाकर 77,602.73 रुपये प्रति किलोलीटर रह गई है। जबकि चेन्नई और कोलकाता में कीमतें क्रमशः 86,103.25 रुपये और 86,052.57 रुपये प्रति किलोलीटर कर दी गई।
गैस सिलेंडर के दाम भी घटे
पेट्रोलियम कंपनियों ने 19 किलोग्राम के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में भी 24 रुपये की कटौती की। कमर्शियल एलपीजी की कीमत अब राष्ट्रीय राजधानी में 1,723.50 रुपये और मुंबई में 1,647.50 रुपये प्रति सिलेंडर होगी। इससे पहले एक मई को कमर्शियल सिलेंडर के दाम 14.50 रुपये और एक अप्रैल को 41 रुपये घटाए गए थे। पिछले कुछ महीनों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आई है, क्योंकि ग्लोबल ट्रेड वॉर ने ईंधन की मांग को प्रभावित किया है। बता दें कि मूल्य वर्धित कर (वैट) और अन्य स्थानीय करों की वजह से एटीएफ और एलपीजी के दाम विभिन्न राज्यों में अलग-अलग होते हैं।