1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. ₹43 करोड़ का सालाना पैकेज, HDFC बैंक के नए बॉस अनूप बागची बन सकते हैं भारत के सबसे महंगे बैंक CEO

₹43 करोड़ का सालाना पैकेज, HDFC बैंक के नए बॉस अनूप बागची बन सकते हैं भारत के सबसे महंगे बैंक CEO

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Oct 09, 2026 10:29 am IST,  Updated : Oct 09, 2026 10:29 am IST

भारत के बैंकिंग सेक्टर में HDFC बैंक के नए बॉस अनूप बागची अपनी सैलरी को लेकर चर्चा में हैं। बैंक के एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, MD और CEO का पद संभालने के पहले साल में उन्हें करीब ₹43 करोड़ का कुल पैकेज मिल सकता है।

HDFC बैंक के नए बॉस अनूप...- India TV Hindi
HDFC बैंक के नए बॉस अनूप बागची की सैलरी Image Source : ANI / CANVA

भारत के बैंकिंग सेक्टर में HDFC बैंक के नए बॉस अनूप बागची अपनी सैलरी को लेकर चर्चा में हैं। बैंक के नए मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ के तौर पर उनके पहले साल का कुल मुआवजा करीब ₹43 करोड़ रहने वाला है। इसके साथ ही वह देश के सबसे ज्यादा वेतन पाने वाले बैंक सीईओ बन सकते हैं। बैंक की ओर से शेयर बाजार को दी गई जानकारी के मुताबिक, उनके पैकेज में फिक्स्ड सैलरी, परफॉर्मेंस के आधार पर मिलने वाला वेरिएबल पे और एकमुश्त जॉइनिंग बोनस शामिल है।

अनूप बागची 27 अक्टूबर से एचडीएफसी बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ की जिम्मेदारी संभालने वाले हैं। वह मौजूदा सीईओ शशिधर जगदीशन का कार्यकाल पूरा होने के बाद पदभार ग्रहण करेंगे। बागची इससे पहले आईसीआईसीआई ग्रुप में अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने उनकी नियुक्ति के साथ उनके मुआवजे को भी मंजूरी दी है।

फिक्स्ड पे ₹8.97 करोड़, वेरिएबल पे ₹26.92 करोड़

बैंक की एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, बागची को पहले साल में ₹8.97 करोड़ का फिक्स्ड मुआवजा मिलेगा। इसके अलावा, उनका वेरिएबल पे ₹26.92 करोड़ तय किया गया है, जो फिक्स्ड पे का 300% है। वेरिएबल पे का एक हिस्सा नकद और दूसरा हिस्सा कर्मचारी स्टॉक ऑप्शंस यानी ESOPs के रूप में दिया जाएगा। नकद भुगतान में ₹8.88 करोड़ शामिल हैं, जबकि ₹18.04 करोड़ के ESOPs चार साल में चरणबद्ध तरीके से वेस्ट होंगे।

₹7.3 करोड़ से ज्यादा का जॉइनिंग बोनस

बागची को पहले साल में ₹7.3 करोड़ से अधिक का एकमुश्त जॉइनिंग बोनस भी मिलेगा। इसमें करीब ₹3.19 करोड़ के रिस्ट्रिक्टेड स्टॉक यूनिट्स और ₹4.16 करोड़ के ESOPs शामिल हैं। इन पर भी चार साल में अधिकार मिलेगा।

कार, घर और दूसरे फायदे भी पैकेज में

बागची के पैकेज में घर से जुड़ी सुविधाओं के लिए करीब ₹1.66 करोड़ और कार व आने-जाने के खर्च के लिए ₹54 लाख शामिल हैं। वह अधिकतम ₹1.40 करोड़ की एक्स-शोरूम कीमत वाली दो कंपनी कारों के लिए भी पात्र होंगे। इसके अलावा, उन्हें ₹3.75 करोड़ तक का हाउसिंग लोन रियायती ब्याज दरों पर मिल सकता है।

दूसरे बैंक के सीईओ से कितना ज्यादा है पैकेज?

वित्त वर्ष 2025-26 में कोटक महिंद्रा बैंक के सीईओ अशोक वासवानी को ₹17.23 करोड़ और एक्सिस बैंक के सीईओ अमिताभ चौधरी को ₹10.30 करोड़ का मुआवजा मिला था। वहीं, एचडीएफसी बैंक के मौजूदा सीईओ शशिधर जगदीशन का मुआवजा ₹28.65 करोड़ था। इस तुलना में बागची का प्रस्तावित पैकेज काफी बड़ा है।

इनपुट- PTI

यह भी पढ़ें- हर दिन 40 लाख से ज्यादा की कमाई, Tata Sons के चेयरमैन N. Chandrasekaran की सैलरी जानकर हो जाएंगे हैरान!

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।