Bank Holidays in February 2026: इस साल फरवरी में देश के अलग-अलग राज्यों में कुल 9 दिन बैंकों की छुट्टी रहेगी। फरवरी 2026 में 4 रविवार और 2 शनिवार की छुट्टियों के अलावा अलग-अलग स्थानीय त्योहारों की कुल 3 छुट्टियां रहेंगी। यहां हम जानेंगे कि आपके राज्य में किस दिन बैंकों की छुट्टी रहेगी।
फरवरी में 4 रविवार और 2 शनिवार की रहेगी छुट्टी
फरवरी 2026 में 1, 8, 15 और 22 तारीख को रविवार की वजह से देश के सभी बैंकों की छुट्टी रहेगी। इसके अलावा, 14 फरवरी को महीने का दूसरा शनिवार और 28 फरवरी को महीने का चौथा शनिवार रहेगा, जिसकी वजह से पूरे देश में सभी बैंक बंद रहेंगे। इनके अलावा, देश के अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग स्थानीय त्योहारों की वजह से 18, 19 और 20 फरवरी को भी बैंकों की छुट्टी रहेगी।
आपके राज्य में कब-कब बंद रहेंगे बैंक
18 फरवरी
बुधवार, 18 फरवरी को लोसर पर्व के मौके पर सिक्किम राज्य के सभी बैंकों की छुट्टी रहेगी। बताते चलें कि लोसर एक तिब्बती बौद्ध धर्म का महत्वपूर्ण उत्सव है। ये उत्सव भारत के हिमालयी क्षेत्रों के अलावा तिब्बत, भूटान और नेपाल में भी धूमधाम से मनाया जाता है।
19 फरवरी
गुरुवार, 19 फरवरी को छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती के मौके पर महाराष्ट्र के सभी बैंक बंद रहेंगे। मराठा साम्राज्य के पहले छत्रपति और संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज का जन्म 19 फरवरी, 1630 को पुणे जिले के शिवनेरी किले में हुआ था। छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती के मौके पर पूरे राज्य में सार्वजनिक छुट्टी रहती है।
20 फरवरी
शुक्रवार, 20 फरवरी को राज्य स्थापना दिवस के मौके पर अरुणाचल प्रदेश के सभी बैंकों की छुट्टी रहेगी। अरुणाचल प्रदेश 20 फरवरी, 1987 को भारत का 24वां राज्य बना था। राज्य बनने से पहले ये राज्य नॉर्थ-ईस्ट फ्रंटियर एजेंसी (NEFA) और एक केंद्र शासित प्रदेश था।
अरुणाचल प्रदेश के अलावा, मिजोरम के भी सभी बैंक 20 फरवरी को बंद रहेंगे। 20 फरवरी को मिजोरम में भी राज्य स्थापना दिवस मनाया जाता है।



































