मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में रेलवे को एक बड़ी सफलता मिली है। महाराष्ट्र के पालघर जिले के दहानू तालुका के अंबेसारी गांव में तीसरी पर्वतीय सुरंग (MT-07) का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। महाराष्ट्र में पिछले 5 महीनों के अंदर तीन पर्वतीय सुरंगों का निर्माण पूरा किया गया है। ये देश के पहले हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर (बुलेट ट्रेन कॉरिडोर) के सबसे तकनीकी और चुनौतीपूर्ण सेक्शन में से एक था, जहां रेलवे ने रिकॉर्ड समय में काम पूरा कर अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है।
417 मीटर लंबी है एमटी-07 सुरंग
बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की दोनों ओर की पटरियों के लिए हाल ही में बनकर तैयार हुई एमटी-07 पर्वतीय सुरंग, 417 मीटर लंबी और 14.4 मीटर चौड़ी है। इस सुरंग की खुदाई दोनों तरफ से कंट्रोल्ड ड्रिलिंग और ब्लास्ट द्वारा की गई है। निर्माण के दौरान एडवांस्ड इंजीनियरिंग और सेफ्टी प्रोटोकॉल का पालन किया गया। ये सफलता प्रोजेक्ट के महाराष्ट्र सेक्शन में पहले हासिल की गई उपलब्धियों पर आधारित है।
जनवरी और फरवरी में बनाए गए थे एमटी-05 और एमटी-06
1.5 किलोमीटर लंबी पहली पर्वतीय सुरंग (एमटी-05) का निर्माण 2 जनवरी, 2026 को पालघर जिले के सफाले के पास पूरा हुआ था। ये उपलब्धि महाराष्ट्र में बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की पहली सफल पर्वतीय सुरंग निर्माण के रूप में सामने आई। इसके बाद 3 फरवरी, 2026 को दूसरी सुरंग (एमटी-06) का निर्माण हुआ, इसमें न्यू ऑस्ट्रियन टनलिंग मेथड का इस्तेमाल कर 454 मीटर लंबी सुरंग खोदी गई। इस तरह पालघर जिले में लगभग एक महीने के अंदर दो सफल निर्माण पूरे हुए थे।
महाराष्ट्र में बननी हैं कुल 7 पर्वतीय सुरंगें
महाराष्ट्र में निर्माणाधीन 7 पर्वतीय सुरंगों में से एमटी-05, एमटी-06 और एमटी-07 में अब तक खुदाई का काम पूरा हो चुका है। एमटी-08 (350 मीटर) में 5 अक्टूबर, 2023 को खुदाई का काम पूरा हो गया था, एमटी-03 की खुदाई 80 प्रतिशत से ज्यादा पूरी हो चुकी है, एमटी-04 लगभग 60 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, जबकि एमटी-01 और एमटी-02 में लगातार काम जारी है। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की कुल 8 पर्वतीय सुरंगों में से 7 महाराष्ट्र के पालघर जिले में हैं और एक गुजरात के वलसाड जिले में है और उस सुरंग का काम पहले ही पूरा हो चुका है।
वापी और बोइसर के बीच तीनों सुरंगों की खुदाई का काम पूरा
वापी और बोइसर बुलेट ट्रेन स्टेशनों के बीच तीनों पर्वतीय सुरंगों की खुदाई सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर महाराष्ट्र के बोइसर और गुजरात के वापी के बीच एक महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र से होकर गुजरता है। वहां के निर्माण कार्य तेजी से प्रगति हो रही है। इन दोनों शहरों के बीच के मार्ग में तीन पर्वतीय सुरंगें (एमटी 08, एमटी -07 और एमटी-06) शामिल हैं।