1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. क्या आप भी चांद पर खरीद सकते हैं जमीन? क्या मिलता है मालिकाना हक! यहां पढ़ें पूरा ब्यौरा और जानें फैक्ट

क्या आप भी चांद पर खरीद सकते हैं जमीन? क्या मिलता है मालिकाना हक! यहां पढ़ें पूरा ब्यौरा और जानें फैक्ट

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Jul 14, 2023 09:06 am IST,  Updated : Jul 14, 2023 10:05 am IST

वैसे भारत सरकार की ओर से अभी चांद पर जमीन खरीदने के लिए कोई अधिकारिक वेबसाइट या प्रॉसेस शुरू नहीं किया गया है।

Land on moon- India TV Hindi
चांद पर जमीन Image Source : FILE

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (इसरो) आज इतिहास लिखने जा रहा है। दरअसल, चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग के लिए काउंटडाउन शुरू हो गया है। आज चंद्रयान-3 दोपहर 2:35 बजे चंद्रमा की ओर उड़ान भरेगा। इस मिशन के सफल होते ही, चांद पर बसने के सपने को पंख लगेंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि चांद की सतह धरती से बहुत मिलती जुलती है। यहां पर इंसान की बसने की संभावना बहुत अधिक है। ऐसे में बहुत सारे लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या वे चांद पर जमीन खरीद सकते हैं? क्या उन्हें मालिकाना हक मिलेगा? अगर खरीदना चाहें तो प्रति एकड़ जमीन के लिए कितनी रकम चुकानी होगी? आइए, आपके मन में उठ रहे सभी सवालों के जवाब देते हैं। 

जमीन पर नहीं मिलता कब्जा

आपको बता दें कि अभी चांद पर जमीन खरीदने के लिए कोई अधिकारिक माध्यम नहीं है। दुनियाभर में किसी देश के पास यह अधिकार नहीं है कि वह अपने नागरिकों को किसी भी ग्रह पर जमीन खरीदने की सविधा मुहैया करा दे। चांद पर भी यही व्यवस्था है। कुछ वेबसाइट हैं जो जमीन खरीदने की व्यवस्था मुहैया करा रही हैं। हालांकि, उन वेबसाइट को किसी देश या संस्था से कोई मान्यता नहीं है। वेबसाइट से जमीन खरीदने के बाद आपको रजिस्ट्री की सर्टिफिकेट मिलती है। जमीन पर कब्जा नहीं मिल सकता है क्योंकि साल 1967 में 104 देशों ने एक समझौते पर हस्ताक्षर किया था। इस समझौते के तहत चांद, तारे सहित अन्य अंतरिक्ष की चीजें किसी एक देश की संपत्ति नहीं हैं। कोई भी इन पर दावा नहीं कर सकता है। भारत भी इस समझौते पर हस्ताक्षर कर चुका है। हालांकि, अगर बाद में हालात बदलें तो इस समझौते में बदलाव की उम्मीद है क्योंकि धरती पर इंसानों का बोझ काफी बढ़ गया है। ऐसे में दूसरे ग्रह की तलाश की जा रही है, जहां इंसानों को बसाया जा सके। 

कैसे खरीदें चांद पर जमीन?

जब आप गूगल करेंगे तो एक दो वेबसाइट दिखेंगे जो चांद पर जमीन खरीदने की सुविधा दे रहे हैं। हालांकि, उस वेबसाइट का ब्यौरा हम यहां नहीं दे रहें हैं क्योंकि वे अधिकारिक वेबसाइट नहीं है। वैसे भारत सरकार की ओर से अभी चांद पर जमीन खरीदने के लिए कोई अधिकारिक वेबसाइट या प्रॉसेस शुरू नहीं किया गया है। हालांकि, एक वेबसाइट है जो चांद पर जमीन बेच रही है। वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, आप 1 एकड़, 5 एकड़ और 10 एकड़ के प्लॉट में चांद पर जमीन खरीद सकते हैं। आप चांद पर लोकेशन का चुनाव भी कर सकते हैं। यहां आपको चांद के कई एरिया जैसे बे ऑफ रैन्बो, लेक ऑफ ड्रीम, सी ऑफ वैपोर्स, सी ऑफ क्लाउड्स जैसे नाम दिखेंगे. इनमें से किसी में भी आप जमीन खरीद सकते हैं। वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, आप चांद पर 1 एकड़ जमीन 27.27 डॉलर यानी 2300 रुपये में खरीद सकते हैं। 

जमीन खरीदने के बाद कानूनी राइट्स नहीं 

वेबसाइट पर दी गई जानकारी में साफ लिखा है कि आपको जमीन का कब्जा नहीं दिया जाएगा। आप इस जमीन को खरीदकर किसी दोस्त या अपने को गिफ्ट दे सकते हैं। आजकल चांद पर जमीन गिफ्ट देने का चलन तेजी से बढ़ा है। बहुत सारे लोग यह सिर्फ गिफ्ट के लिए कर रहे हैं। दरअसल, वेबसाइट कोई जमीन नहीं बेच रही है। यह वेबसाइट सिर्फ एक सर्टिफिकेट देती हैं, जिसकी कोई कानूनी मान्यता नहीं है। इसलिए यह सिर्फ खुद की खुशी के लिए है।

(नोट: यह खबर सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से प्रकाशित की गई है, ताकि हम अपने पाठकों को किसी फर्जीवाड़े से बचा सकें।)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा