1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. रसोई गैस सिलेंडर 50 रुपए महंगा हुआ, आम आदमी की जेब पर बढ़ेगा बोझ

रसोई गैस सिलेंडर 50 रुपए महंगा हुआ, आम आदमी की जेब पर बढ़ेगा बोझ

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Apr 07, 2025 04:28 pm IST,  Updated : Apr 07, 2025 05:17 pm IST

रसोई गैस की कीमत में 50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई है। इसका असर सीधे तौर पर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा। कीमत में बढ़ोतरी आम ग्राहकों और उज्जवला योजना के ग्राहकों, दोनों के लिए की गई है।

Cooking gas price- India TV Hindi
रसोई गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ी Image Source : PTI/FILE

नई दिल्ली: रसोई गैस की कीमत में 50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं नैचुरल गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ये जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि एलपीजी की कीमत में बढ़ोतरी उज्ज्वला और आम उपभोक्ताओं दोनों के लिए होगी। यानी अब गैस सिलेंडर के लिए 803 रुपए की बजाय 853 रुपए देने होंगे। वहीं उज्जवला योजना वाला सिलेंडर लेने के लिए 550 रुपए चुकाने होंगे।

केंद्रीय मंत्री ने कीमतों में बढ़ोतरी पर क्या कहा?

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, 'एलपीजी के प्रति सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की वृद्धि होगी। 500 से यह 550 (पीएमयूवाई लाभार्थियों के लिए) हो जाएगी और अन्य के लिए यह 803 रुपये से बढ़कर 853 रुपये हो जाएगी। यह एक ऐसा कदम है जिसकी हम आगे बढ़ने के साथ समीक्षा करेंगे। हम हर 2-3 सप्ताह में इसकी समीक्षा करते हैं। इसलिए, आपने जो उत्पाद शुल्क में वृद्धि देखी है, उसका बोझ पेट्रोल और डीजल पर उपभोक्ताओं पर नहीं पड़ेगा। उस उत्पाद शुल्क वृद्धि का उद्देश्य तेल विपणन कंपनियों को 43,000 करोड़ रुपये की भरपाई करना है, जो उन्हें गैस के हिस्से पर हुए नुकसान के रूप में हुआ है।'

हालही में घटे थे कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 

हालही में ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एलपीजी गैस के दाम घटाए थे। देश की राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में 41 रुपये की बड़ी कटौती की गई थी। इसके बाद दिल्ली में 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत 1762 रुपये हो गई थी। नई कीमतें 1 अप्रैल, 2025 से लागू कर दी गई थीं। इससे पहले दिल्ली में 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत 1803 रुपए थी।

हालांकि इस बार रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी की गई है, जिससे आम जनता की जेब पर बोझ बढ़ेगा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा