1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दरभंगा एयरपोर्ट: दीपावली-छठ पर फ्लाइट का किराया आसमान पर, अभी से शुरू हुई मारामारी

दरभंगा एयरपोर्ट: दीपावली-छठ पर फ्लाइट का किराया आसमान पर, अभी से शुरू हुई मारामारी

 Edited By: Jitendra Kumar
 Published : Jun 17, 2025 02:48 pm IST,  Updated : Jun 17, 2025 02:48 pm IST

इस साल जून माह से ही दीपावली और छठ महापर्व के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू है। दिल्ली, कोलकाता, हैदराबाद और बेंगलुरु हवाई मार्ग पर आने वाले यात्रियों को हवाई किराए में राहत नहीं है।

दरभंगा एयरपोर्ट का टर्मिनल भवन।- India TV Hindi
दरभंगा एयरपोर्ट का टर्मिनल भवन। Image Source : OFFICIAL WEBSITE

दीपावली और छठ महापर्व में अभी चार महीने से अधिक बाकी है, लेकिन अभी से ही हवाई टिकटों की बुकिंग महंगे दर पर तेजी से कराई जा रही है। चार माह पूर्व किराया में वृद्धि देख दरभंगा एयरपोर्ट से दीपावली और छठ महापर्व के मौके पर आने वाले यात्री चकित हैं। इस बार 21 अक्टूबर को दीपावली का त्योहार मनाया जाएगा। उससे पहले ही हवाई किराया कुलांचे भर रहा है। बता दें, दरभंगा एयरपोर्ट पर अभी तीन विमानन कंपनियां सेवा दे रही हैं।

एयरलाइंस के बीच कॉम्पिटीशन का भी कोई लाभ नहीं 

कंपनियों के कॉम्पिटीशन में यात्रियों के मन में पर्व त्योहार को लेकर किराए में कमी आने की उम्मीद जगी थी, लेकिन ऐसा दिख नहीं रहा है। दीपावली और छठ महापर्व की लंबी दूरी होने के बावजूद टिकट के लिए आपाधापी शुरू हो गई है। यह स्थिति खासतौर पर दरभंगा और मुंबई के बीच हवाई सफर करने वाले यात्रियों के बीच बनी है। घर से दूर अन्य राज्यों में नौकरी, रोजगार, व्यवसाय करने वाले लोगों में इन त्योहारों का इंतजार लंबे समय से रहता है। लोग दीपावली और छठ को घर पर स्वजन के साथ मनाना चाहते हैं। परंतु त्योहार के उत्साह में उनकी जेब ज्यादा ढीली होती है।

दीपावली और छठ की बुकिंग जून से हो गई शुरू

पिछले वर्ष दीपावली और छठ महापर्व पर अक्टूबर माह में मुंबई से दरभंगा वापस लौटने वाले यात्रियों को एक टिकट पर 14 से 15 हजार रुपया लग रहा था। तब इस हवाई मार्ग पर केवल स्पाइसजेट कंपनी की उड़ान सेवा थी। इस बार तीन एयरलाइंस की सेवाएं उपलब्ध हैं। इस बार स्पाइसजेट, आकाशा और इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान सेवा उपलब्ध है। इसके बाद भी किराए में उछाल है। इस बार जून माह से दीपावली और छठ महापर्व के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू है। दिल्ली, कोलकाता, हैदराबाद और बेंगलुरु हवाई मार्ग पर आने वाले यात्रियों को हवाई किराए में राहत नहीं है।

फ्लाइट का किराया अभी से आसमान पर

मुंबई से दरभंगा वापस लौटने वाले यात्री को 18 से 21 अक्टूबर के बीच हवाई सफर करने पर स्पाइसजेट कंपनी से 11 से 13 हजार रुपये में एक टिकट उपलब्ध हो रहा है। इसी मार्ग पर इंडिगो के विमान में 13,778 रुपये में टिकट उपलब्ध है। आकाशा एयरलाइंस में एक टिकट खरीदने पर 17,232 रुपये यात्री को चुकाने पड़ रहे हैं। जबकि, इसी हवाई मार्ग पर दरभंगा से जाने वाले यात्री को 8 से 15 हजार रुपये के बीच लग रहा है। दिल्ली से वापस घर लौटने वाले यात्री को एक टिकट लेने पर पटना एयरपोर्ट के मुकाबले तीन से चार हजार अतिरिक्त दरभंगा एयरपोर्ट से देने पड़ते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा