पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे द्वारा ऑपरेट की जाने वाली दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (DHR) ने मई महीने में कमाई का नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्थापित किया है। यूनेस्को विश्व धरोहर पर्वतीय रेलवे ने अपनी सेवाओं की शुरुआत के बाद से एक महीने में अब तक की सबसे ज्यादा इनकम की है। दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे ने इस साल मई में 395.60 लाख रुपये की रिकॉर्ड इनकम की। DHR ने पिछले साल मई में 358.60 लाख रुपये की आय दर्ज की थी। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने कहा कि ये उपलब्धि देश-विदेश के पर्यटकों और रेलवे के शौकीनों के बीच इस हेरिटेज रेलवे की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है।
दार्जिलिंग की खूबसूरत पहाड़ियों की ओर सैलानियों का आकर्षण बढ़ा
रेलवे ने बताया कि पर्यटकों के लिए सबसे व्यस्त मौसम में यात्रियों की भारी संख्या के कारण रिकॉर्ड तोड़ इनकम हुई है। ये इनकम खास तौर पर मशहूर हेरिटेज जॉय राइड्स और दार्जिलिंग की खूबसूरत पहाड़ियों में चलने वाली रेगुलर पैसेंजर सर्विस से हुई है। ये आंकड़े दुनिया भर में रेलवे की इस मशहूर छोटी लाइन के प्रति लोगों के बढ़ते आकर्षण और यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने और हेरिटेज टूरिज्म को बढ़ावा देने में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की उपलब्धि को प्रदर्शित करते हैं।
जून में भी बन सकता है कमाई का नया रिकॉर्ड
पिछले 5 सालों में मई महीने में इनकम का ग्राफ डीएचआर की जबरदस्त ग्रोथ को दिखाता है। डीएचआर ने साल 2022 में ₹319.64 लाख, 2023 में ₹358.18 लाख, 2024 में ₹288.58 लाख, 2025 में ₹358.60 लाख की इनकम जनरेट की थी। रेलवे ने बताया कि दार्जिलिंग हिमालयन ट्रेनों को लेकर यात्रियों की मांग में काफी ज्यादा बढ़ोतरी देखी जा रही है। ऐसे में, उम्मीद है कि डीएचआर जून में भी ये तेजी बनाए रखेगा। मौजूदा बुकिंग ट्रेंड और ट्रैफिक पैटर्न के आधार पर, जून 2026 में रेवेन्यू के 370 लाख रुपये से ज्यादा होने का अनुमान है। अगर ऐसा होता है, तो ये रेलवे जून महीने के इतिहास में भी सबसे ज्यादा रेवेन्यू देने वाले महीनों में से एक होगा।
दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे के प्रति तेजी से बढ़ रहा आकर्षण
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुताबिक, ये ऐतिहासिक उपलब्धि दिखाती है कि दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे भारत के सबसे मशहूर हेरिटेज आकर्षणों में से एक के तौर पर कितना लोकप्रिय हो रहा है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे इस यूनेस्को विश्व धरोहर रेलवे की अनोखी विरासत को बचाने के साथ-साथ सर्विस की क्वालिटी, सुरक्षा के मानकों और सैलानियों के अनुभव को लगातार बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। राजस्व में ये जबरदस्त प्रदर्शन दार्जिलिंग इलाके में पर्यटन को बढ़ावा देने और वहां के आर्थिक विकास में डीएचआर की अहम भूमिका को भी दिखाता है।