1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दिल्ली से देहरादून: फ्लाइट या कार? जानिए किस सफर में है ज्यादा फायदा, समझें यात्रा का गणित

दिल्ली से देहरादून: फ्लाइट या कार? जानिए किस सफर में है ज्यादा फायदा, समझें यात्रा का गणित

 Published : Apr 15, 2026 12:29 pm IST,  Updated : Apr 15, 2026 01:00 pm IST

दिल्ली से देहरादून जाने के उपलब्ध विकल्पों में से सही चुनाव करने से आपका समय भी बचेगा और पैसे भी बचेंगे। आने वाले दिनों में अगर आप प्लान कर रहे हैं तो इस पर सोचिएगा जरूर।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद सफर का समीकरण बदल गया है। - India TV Hindi
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद सफर का समीकरण बदल गया है। Image Source : NITIN GADKARI X HANDLE AND PIXABAY

दिल्ली से देहरादून जाने का प्लान बना रहे हैं, लेकिन दुविधा यही है-फ्लाइट लें या कार से रोड ट्रिप करें? आज के समय में यह सवाल लगभग हर यात्री के सामने खड़ा है। एक तरफ है फ्लाइट का ऑप्शन, तो दूसरी ओर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कार से जाने का विकल्प। ऐसे में क्या चुनना ज्यादा समझदारी होगा? यात्रा का फैसला सिर्फ दूरी तय करने का नहीं, बल्कि समय, किराया, पेट्रोल-डीजल की लागत, ट्रैफिक और आराम जैसे कई फैक्टर्स पर निर्भर करता है। खास बात यह है कि 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद इस रूट का पूरा समीकरण ही बदल गया है। अब सवाल और भी अहम हो गया है कि क्या फ्लाइट अभी भी बेहतर विकल्प है या फिर कार से सफर ज्यादा फायदेमंद साबित होगा। यहां हम फ्लाइट और कार-दोनों विकल्पों का पूरा गणित आसान भाषा में समझेंगे, ताकि आप अपनी जरूरत, बजट और सुविधा के हिसाब से सही चुनाव कर सकें।

फ्लाइट से दिल्ली से देहरादून

दिल्ली एयरपोर्ट से देहरादून के बीच तमाम डायरेक्ट फ्लाइट्स उपलब्ध हैं। दिल्ली से देहरादून के बीच फ्लाइट के उड़ान भरने से लेकर लैंड करने तक में कुल समय 50 मिनट से लेकर 1 घंटे 10 मिनट तक लगता है। इसके अलावा, दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लोगों को घर से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने में औसतन 1 घंटे से डेढ़ घंटे तक का समय लगता है। अब अगर आप फ्लाइट से जाते हैं तो एयरपोर्ट पहुंचने के बाद लगेज चेक इन से लेकर सिक्योरिटी चेक की प्रक्रिया से गुजरने में कम से कम औसतन 1 घंटे का समय लगता है। हालांकि कई बार 1 घंटे से भी ज्यादा का समय लग सकता है। उधर, देहरादून एयरपोर्ट से शहर तक, हम यहां देहरादून रेलवे स्टेशन को प्वॉइंट बना लेते हैं जिसकी दूरी 26 से 30 किलोमीटर तक है। इसके सफर में 45 मिनट से 50 मिनट लगते हैं। तो आखिर में कुल मिलाकर दिल्ली में घर से निकलने से लेकर देहरादून रेलवे स्टेशन पहुंचने में औसतन साढ़े चार से 5 घंटे कम से कम लगेंगे।    

फ्लाइट से जाने का खर्च

skyscanner की ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक, दिल्ली से देहरादून के लिए 16 अप्रैल को फ्लाइट का किराया 4194 रुपये से लेकर 8923 रुपये तक है। यानी अगर आप 16 तारीख को देहरादून जाते हैं तो आपको सिर्फ फ्लाइट किराया कम से कम 4194 रुपये देने होंगे। इसके अलावा, दिल्ली-एनसीआर में अपने घर से दिल्ली एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए टैक्सी का किराया भी  देंगे, जिसको कम से कम औसतन 500 रुपये से लेकर 700 रुपये मान लेते हैं। उधर, देहरादून एयरपोर्ट से देहरादून रेलवे स्टेशन जाने के लिए फिर औसतन 800-1000 रुपये तक टैक्सी का किराया देंगे। यानी दिल्ली से देहरादून रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में कम से कम करीब 6000 रुपये का औसत खर्च है। 

कार से दिल्ली से देहरादून

14 अप्रैल से शुरू हुए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से आप अब दिल्ली से देहरादून कार से भी जा सकते हैं। इस एक्सप्रेसवे की लंबाई 213 किलोमीटर है। मान लें कि आपकी कार औसतन 15 से 20 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देती है। ऐसे में अगर 18 किमी/लीटर का औसत लिया जाए, तो 213 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए लगभग 12 लीटर पेट्रोल की जरूरत पड़ेगी। दिल्ली में 15 अप्रैल को पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से यह खर्च करीब 1137.24 रुपये बैठता है।


इसके अलावा, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर पड़ने वाले पांच टोल प्लाजा के लिए करीब 670 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। इस तरह कुल मिलाकर दिल्ली के अक्षरधाम से देहरादून तक कार से यात्रा करने पर लगभग 1800 रुपये का खर्च आता है, जो इसे एक किफायती विकल्प बनाता है। सरकार के मुताबिक, इस एक्सप्रेसवे के जरिये दिल्ली के अक्षरधाम से देहरादून पहुंचने में करीब ढाई घंटे का समय लगेगा। अगर आप गुरुग्राम से भी कार से चलेंगे तब भी आप मैक्सिमम साढ़े तीन घंटे में देहरादून पहुंच जाएंगे। 

किस सफर में है ज्यादा फायदा

उपर्युक्त कैलकुलेशन से यह साफ पता चलता है कि दिल्ली-एनसीआर से देहरादून जाना हो तो कार से जाना ही बेहतर है। क्योंकि फ्लाइट से पहुंचने में औसतन साढ़े चार से 5 घंटे कम से कम लगेंगे और कम से कम करीब 6000 रुपये का औसत खर्च भी है। यहां ये भी गौर करें कि फ्लाइट से सिर्फ एक यात्री का खर्च 6000 रुपये बैठ रहा है, कार से अगर आप दो-चार लोग जा रहे हैं तो अंदाजा लगाइए कि कार से जाना कितना सस्ता पड़ेगा। दिल्ली-एनसीआर से कार से आप महज ढाई घंट से लेकर मैक्सिमम साढ़े तीन घंटे में देहरादून पहुंच जाएंगे और आपका खर्च भी 1800 से लेकर 2000 रुपये तक ही बैठेगा। यानी समय और पैसे दोनों के मामले में कार से जाना समझदारी है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा